उत्तराखंड समाचार

अजय भट्ट ने कहा, कांग्रेस सरकार के कारण लगी खनन पर रोक

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने प्रदेश में खनन पर रोक के लिए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जिस प्रकार अवैध खनन को लेकर अराजकता का माहौल बना, उस कारण हाईकोर्ट को खनन पर रोक लगानी पड़ी।

एक बयान जारी कर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नदियों में वैज्ञानिक तरीके से चुगान होना अनिवार्य है ताकि नदियां बाढ़ का रूप धारण कर जनहानि नहीं पहुचा सकें। उन्होंने कहा कि पूर्व में कांग्रेस सरकार के दौरान भाजपा ने अवैध खनन पर प्रतिबंध की लगातार मांग की। बावजूद इसके पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कान में जूं तक नहीं रेंगी। उसी का परिणाम है कि आज खनन कारोबारी, वाहन स्वामी और मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का संकट आ गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से हाईकोर्ट में पैरवी करने से थोड़ी चूक हुई है। शीघ्र ही सर्वोच्च न्यायालय में चुनौती देकर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। भाजपा वैज्ञानिक तरीके से चुगान पर लगी रोक हटाने के लिए सर्वोच्च न्यायालय में पुरजोर पैरवी करेगी ताकि वैध खनन में लगे हजारों लोगों का रोजगार वापस आ सके।

उन्होंने कहा कि भाजपा पर प्रदेश की जनता ने जो विश्वास किया है, सरकार उसी के अनुरूप कार्य करेगी। प्रदेश में भय एवं भ्रष्टाचार मुक्त शासन दिया जाएगा।

 

Related Articles

Back to top button