उत्तराखंड समाचार

अब हर दिन भाजपा कार्यालय में बैठेंगे मंत्री, करेंगे समस्याओं का निस्तारण

देहरादून : प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अब हर दिन भाजपा मुख्यालय में बैठकर पार्टी कार्यकर्ताओं व आमजन की समस्याओं का निस्तारण करेंगे। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सभी मंत्रियों के दिन तय करते हुए पार्टी मुख्यालय में बैठना सुनिश्चित करने को कहा है।

भाजपा सरकार में अभी तक यह व्यवस्था है कि मुख्यमंत्री हर सोमवार भाजपा कार्यालय में बैठकर पार्टी व आमजन की समस्याएं सुनते हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से बार-बार यह मांग उठने और संगठन से चर्चा के बाद मुख्यमंत्री ने यह निर्णय लिया था। हालांकि, व्यस्तता के चलते मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत हर सोमवार पार्टी मुख्यालय नहीं बैठ पा रहे हैं। अब उन्होंने इसके लिए नई व्यवस्था की है। इसके तहत अब हर दिन एक मंत्री सुबह दस से अपराह्न दो बजे तक पार्टी मुख्यालय में बैठकर पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजन की समस्याओं को सुनेंगे।

इसके लिए सभी मंत्रियों का समय भी तय कर दिया गया है। कृषि मंत्री सुबोध उनियाल प्रत्येक सोमवार, वन मंत्री हरक सिंह रावत मंगलवार, वित्त मंत्री प्रकाश पंत बुधवार, परिवहन मंत्री यशपाल आर्य गुरुवार, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज शुक्रवार और उच्च शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धन सिंह रावत शनिवार को पार्टी मुख्यालय में बैठकर पार्टी कार्यकर्ता व आमजन की समस्याओं का निस्तारण करेंगे। इसके साथ ही एक व्यवस्था और की गई है। मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी उर्बादत्त भट्ट हर दिन पार्टी कार्यालय में बैठकर इन सभी मंत्रियों को सहयोग करेंगे।

मुख्यमंत्री ने आज सुनी जनसमस्याएं

मुख्यमंत्री ने भले ही मंत्रियों के पार्टी मुख्यालय में बैठकर आमजन व पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनने के लिए दिन तय कर दिए हैं, लेकिन आज उन्‍होंने स्वयं पार्टी मुख्यालय में बैठकर जनसमस्याएं सुनी।

Related Articles

Back to top button