राजनीति

असम-मिजोरम विवाद के निपटारे के लिए होगा समितियों का गठन, केंद्रीय गृहमंत्री के साथ बैठक में लिया गया फैसला

असम और मिजोरम के बीच सीमा विवाद के समाधान को लेकर शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से असम के मुख्यमंत्री हेमंत विश्व शर्मा और मिजोरम के मुख्यमंत्री ने मुलाकात की। असम के मुख्यमंत्री ने बैठक के बाद कहा, ‘मिजोरम के मुख्यमंत्री और मैंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक में सारी बातों पर चर्चा हुई और दोनों राज्य सरकारों ने यह फैसला किया है कि असम और मिजोरम सीमा पर हम शांति बनाए रखेंगे। इसको हम बहुत संवेदनशील तरीके से लेंगे।’

उन्होंने यह भी कहा कि दोनों राज्य सरकार मिलकर राजनीतिक स्तर पर दो टीम बनाएंगी जो एक स्थायी समाधान के लिए बातचीत शुरू करेंगी। बीच-बीच में मुख्यमंत्री स्तर पर भी चर्चा होती रहेगी। उल्लेखनीय है कि दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री गुरुवार रात रात्रिभोज पर भी मिले थे। हेमंत विश्व शर्मा ने आज हुई बैठक को लेकर सिलसिलेवार ट्वीट किया है। आज की बैठक के लिए उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री का आभार जताया और कहा कि कि दोनों राज्यों के बीच सीमा विवादों को समाप्त करने के लिए समय-समय पर मुख्यमंत्री स्तर पर भी बातचीत की जाती रहेगी।

आज की बैठक के बारे में संबंधित अधिकारियों ने बताया कि नई दिल्ली में हुई बैठक केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से मामले में हस्तक्षेप के बाद हुई है। दरअसल मंत्रालय दोनों राज्य के बीच के इस विवाद को सुलझाने की कोशिश कर रहा है। एक अधिकारी ने कहा कि केंद्र सरकार असम और मिजोरम के बीच सीमा विवाद का शांतिपूर्ण समाधान चाहती है।

बता दें कि गुरुवार को मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथांगा ने कहा था कि दोनों राज्यों की सरकारें सीमा पर बाड़ (फेंसिंग) को बढ़ाने की कोशिश करेंगी। बता दें कि मिजोरम व असम आपस में लगभग 164 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करते हैं।

Related Articles

Back to top button