Uncategorizedउत्तराखंड समाचार

उत्तराखंड में बना रहेगा वर्षा का सिलसिला, छह दिन देर से मानसून

देहरादून, : उत्तराखंड में वर्षा का सिलसिला फिलहाल बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में राज्य में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। चमोली, रुद्रप्रयाग और नैनीताल जिलों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी भी जारी की गई है।

इस बीच सोमवार की सुबह अनेक स्थानों पर कहीं हल्की तो कहीं ठीकठाक बौछारें पड़ीं। इससे मैदानी इलाकों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं, बारिश ने कुछ स्थानों पर दिक्कतें भी बढ़ाए रखीं। ऋषिकेश के नजदीक नीरगड्डू वाटर फाल के पास भूस्खलन के चलते गिरे बोल्डरों की चपेट में आकर पंजाब के पांच पर्यटक जख्मी हो गए।

इधर, देहरादून में बारिश के दौरान ढही सुरक्षा दीवार का मलबा गिरने से एक घर क्षतिग्रस्त हो गया। इससे दो परिवारों के तीन बच्चे और दो महिलाएं घायल हो गईं।

राज्य में पिछले चार दिनों से बदरा बरस रहे हैं। मंगलवार को देहरादून, हरिद्वार, चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर, चंपावत, अल्मोड़ा जिलों के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश हुई। इससे मैदानी क्षेत्र गर्मी के लिहाज से कुछ सुकून में हैं। हालांकि, दोपहर में दून समेत कुछ स्थानों पर बदरा छंट गए, लेकिन हवा में नमी के चलते गर्मी व उमस का अहसास नहीं हुआ।

इसके बाद आज सुबह भी देहरादून समेत विभिन्न स्थानों पर तेज बारिश हुई। इससे तापमान भी खासी गिरावट आई है। मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री सेल्सियस नीचे चल रहा है। वहीं पहाड़ों में औसत से चार से पांच डिग्री सेल्सियस कम।

छह दिन विलंब से पहुंचेगा मानसून

केरल में 30 मई को मानसून के दस्तक देने के बाद उम्मीद जताई जा रही थी कि 20 दिन में यह उत्तराखंड में भी प्रवेश कर लेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वर्तमान में मानसून बिहार में अटका हुआ है और वहां से इसके उत्तराखंड पहुंचने में पांच से छह दिन का वक्त लगता है। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि अब मानसून के 26-27 जून तक यहां पहुंचने की संभावना है।

 

Related Articles

Back to top button