उत्तराखंड समाचारपर्यटन

उत्तराखंड में 48 घंटे भारी वर्षा की चेतावनी, चारधाम यात्रा पंजीकरण रोका

देहरादून,: उत्तराखंड में बारिश के लिहाज से अगले 48 घंटे अधिक भारी गुजर सकते हैं। मौसम विभाग के मुताबिक इस दरम्यान राज्यभर में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है। इसे देखते हुए अलर्ट के साथ ही एडवाइजरी जारी की गई है।

पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन व सड़कें बंद होने की संभावना के मद्देनजर सलाह दी गई है कि जरूरी न हो तो अगले दो दिन टाल दें यात्रा। अलर्ट के मद्देनजर प्रशासन भी सतर्क हो गया है। ऋषिकेश में चारधाम यात्रियों का फोटोमैट्रिक पंजीकरण दो दिन के लिए रोक दिया गया है।

इस बीच लगातार बारिश से कुमाऊं क्षेत्र में दुश्वारियां बढ़ गई हैं। पिथौरागढ़ के धौलकोट गांव मेंआकाशीय बिजली गिरने से पूर्व जिला पंचायत सदस्य का घर ढह गया, जबकि चार घरों में दरारें पड़ गईं। गांव में लोगों के विद्युत उपकरण फुंक गए, जबकि दो वाहनों को भी क्षति पहुंची है। संपर्क मार्ग बंद होने से लोगों को आवाजाही में दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार अगले दो दिन राज्य के सभी जिलों में जोरदार वर्षा की संभावना है। हल्की से मध्यम वर्षा के बीच कुछ स्थानों पर 65 से 205 मिमी तक वर्षा हो सकती है। ऐसे में पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन व सड़कें बंद होने और मैदानी इलाकों देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर जनपदों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

ऐसे में सतर्कता बरतनी जरूरी है। उन्होंने सलाह दी है कि इन दो दिनों में यदि जरूरी न हो तो यात्रा को टाला जा सकता है। नदी-नाले उफान पर रह सकते हैं, लिहाजा इनके किनारे की बसागत को अधिक सतर्क रहना होगा।

उधर, मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए ऋषिकेश में चारधाम यात्रियों का फोटोमैट्रिक पंजीकरण दो दिन के लिए रोक दिया गया है। उपजिलाधिकारीहर गिरी ने यह जानकारी दी।

इस बीच पहाड़ से लेकर मैदान तक वर्षा का क्रम जारी रहने से जनजीवन पर असर पड़ा है। खासकर कुमाऊं क्षेत्र में। पिथौरागढ़ के धौलकोट गांव में रविवार रात गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से पूर्व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र पाल का घर ढह गया। शुक्र ये कि परिवार के सदस्य इससे पहले सुरक्षित बाहर निकल आए।

बागेश्वर जिले में दो घर क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि 25 घर खतरे की जद में हैं। वहीं, चारधाम यात्रा मार्गों के बंद होने व खुलने का क्रम सोमवार को भी बना रहा। दूसरी तरफ राज्यभर में दो दर्जन से अधिक संपर्क मार्ग बंद पड़े हैं।

Related Articles

Back to top button