राजनीति

कांग्रेस को साल 2022 में मिल सकता है नया पार्टी अध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ने दिए संकेत

नई दिल्ली: कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने साफ कर दिया है कि पार्टी को सितंबर 2022 के अंत तक अपना नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल जाएगा। मौजूदा वक्त में पार्टी का नेतृत्व अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी कर रही हैं। उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनावों में पार्टी को मिली करारी हार के बाद पदभार संभाला था। कांग्रेसी सांसद राहुल गांधी ने पिछले लोकसभा में हार के बाद पार्टी अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था।

कांग्रेस में नए अध्यक्ष का होगा चयन

सोमवार को सोनिया गांधी के साथ मुलाकात में मिस्त्री ने बताया कि पूरे देश में पार्टी का डिजिटल सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। यह प्रक्रिया अगले साल 31 मार्च तक पूरी होने की संभावना है। जिसके बाद पूरे देश में पार्टी के आंतरिक पदों को भरने के लिए जिला और राज्य स्तर पर चुनाव कराए जाएंगे। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद पार्टी अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होंगे। मिस्त्री ने आश्वासन देते हुए कहा कि पार्टी में सभी प्रक्रियाएं तय कार्यक्रम के अनुसार चल रही हैं। एक अक्टूबर 2022 तक पार्टी का अपना नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल जाएगा।

पार्टी के सदस्यों ने रखी कई मांगे

कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) सदस्यों के चुनाव को लेकर सवाल पर, मिस्त्री ने कहा कि यह कार्य समिति द्वारा तय किया जाएगा। जिसके बाद केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण यह तय करेगा कि सीडब्ल्यूसी सदस्यों के लिए चुनाव कराए जाएंगे या नहीं। गौरतलब है कि कांग्रेसी नेताओं (जी-23) के एक समूह ने सोनिया गांधी को एक पत्र लिखा है। जिसमें सीडब्ल्यूसी सदस्यों, उनके अध्यक्ष और पार्टी के संसदीय बोर्ड के चुनाव सहित कई संगठनात्मक सुधारों की मांग की गई है। जी-23 सदस्यों ने कई मौकों पर अपने मुद्दों को उठाया है, जिसने पार्टी के आंतरिक माहौल में हलचल पैदा कर दी थी। बाद में CWC की कई बैठकें बुलाई गई और यह फैसला लिया गया कि संगठनात्मक चुनाव होने चाहिए, लेकिन COVID-19 महामारी के कारण उन्हें स्थगित कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button