राजनीति

कांग्रेस समर्थित ब्लॉक प्रमुख को हटाने का किया विरोध

देहरादून: कांग्रेस ने राज्य सरकार पर सहकारिता के बाद अब पंचायती संस्थाओं में कांग्रेस समर्थित पदाधिकारियों को अपदस्थ करने का आरोप लगाया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि धारचूला में ब्लॉक प्रमुख को अलोकतांत्रिक ढंग से हटाने के लिए क्षेत्र पंचायत सदस्यों को एयरलिफ्ट किया जा रहा है। पार्टी इसके विरोध में सड़कों पर उतरेगी।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि सरकार कांग्रेस समर्थित ब्लॉक प्रमुखों और जिला पंचायत अध्यक्षों को हटाने की मुहिम में जुटी हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सीमांत जिले पिथौरागढ़ के धारचूला ब्लॉक प्रमुख को अपदस्थ करने के लिए भाजपा के मंत्री, विधायक व सांसद हर मुमकिन कोशिश कर रहे हैं। अविश्वास प्रस्ताव के जरिये यह कोशिश की जा रही है। कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करेगी। पार्टी कार्यकर्ता सड़क पर उतरेंगे।उन्होंने कहा कि 18 सितंबर को दून में गांधी पार्क में पार्टी की ओर से प्रदर्शन किया जाएगा।

शाह पर साधा निशाना

उन्होंने कहा कि इससे पहले भी राज्य में कांग्रेस सरकार को गिराने की कोशिश की गई थी। यह सिलसिला जारी रखकर सरकार नादिरशाही करना चाहती है। उन्होंने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के प्रस्तावित दून दौरे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शाह भाजपा में हो रही सिर फुटव्वल को थामने के लिए आ रहे हैं। दलित के यहां उनके भोजन करने से बात नहीं बनने वाली। भाजपा की केंद्र व राज्य की सरकारों ने दलितों के लिए कुछ नहीं किया है। राज्य में किसान आत्महत्या को मजबूर हैं।

विभागों के एकीकरण का विरोध

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि विभागों का एकीकरण करने के बजाए उन्हें मजबूत किया जाना चाहिए। एकीकरण जरूरी है तो विभागीय कर्मचारियों को विश्वास में लेकर यह कार्य होना चाहिए। शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय पर उन्होंने शिक्षकों को उत्पीड़न करने का आरोप लगाया।

Related Articles

Back to top button