अपराध

किडनी कांड: संजय दास और उसकी पत्नी भी चढ़े पुलिस के हत्थे

देहरादून : किडनी कांड में शामिल नामजद डॉक्टर संजय दास और उसकी डॉक्टर पत्नी को पुलिस ने नोएडा से गिरफ्तार कर लिया है। मूलत: बिहार का रहने वाला संजय और उसकी पत्नी अमित के द्वारा किए जाने वाले हर एक ऑपरेशन में साथ रहते थे।

बहुचर्चित किडनी कांड में अब तक सरगना अमित राऊत समेत 11 आरोपियों की गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। अब तक फरार चल रहे डॉक्टर दंपती की गिरफ्तारी इसलिए भी अहम मानी जा रही है, क्योंकि संजय दास पुत्र छोटेलाल दास निवासी नगर परिषद वार्ड नंबर पांच फोर्सगंज अररिया बिहार एनेस्थेटिक (बेहोशी की दवा की डोज देने वाला डॉक्टर) है और किडनी ट्रांसप्लांट के हर ऑपरेशन में वह अमित के साथ मौजूद रहता था।

वहीं उसकी पत्नी सुषमा पुत्री रतन लाल केडिया निवासी सोनबरसा सहरसा बिहार एमबीबीएस डिग्रीधारी हैं। आरोप है कि वह महिलाओं की किडनी निकालने में बड़ी भूमिका निभाती थी। इन दोनों के बारे में पुलिस अबतक कोई बड़ा सुराग नहीं ढूंढ सकी है। अमित ने भी पकड़े जाने के दौरान संजय दास और उसकी पत्नी के बारे में गोलमोल जवाब देकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया था। इन दोनों को तलाश रही पुलिस को बीते दिनों दोनों की लोकेशन पड़ोसी देश नेपाल की राजधानी काठमांडू में मिली थी, लेकिन उसके बाद से दोनों का कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लग रहा था। लेकिन अब दोनों को नोएडा से गिरफ्तार कर लिया गया है।

किडनी डोनर लाने का भी आरोप 

अब तक की जांच में संजय दास की बिहार से किडनी डोनर लाने के रैकेट से नाम जुड़ रहा है। आरोप है कि वह ऐसे लोगों को तलाशता था, जिनकी किडनी खराब हो चुकी है। ऐसे लोगों को बरगला कर देहरादून लाने की जिम्मेदारी उसी की थी। वहीं गरीब तबके के लोगों को किडनी बेचने के लिए तैयार करना भी उनकी जिम्मेदारी में शामिल था।

एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने बताया कि किडनी कांड के फरार आरोपियों की तलाश को हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। डॉक्टर दंपती को नोएडा से गिरफ्तार कर लिया गया है। अक्षय की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button