उत्तराखंड विकास खण्ड

गंगा स्वच्छता को जागरूक करने के लिए चार रथ रवाना

देहरादून : मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नमामि गंगे परियोजना के अन्तर्गत गंगा संरक्षण रथ यात्रा के चार रथों को हरी झंडी  दिखाकार रवाना किया। इस यात्रा का संचालन चार धाम यात्रा मार्गों पर किया जा रहा है।

राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के अंतर्गत चार धाम यात्रा मार्गों पर गंगा संरक्षण एवं जन जागरुकता अभियान चलाया जाएगा। इन चार रथों का संचालन कपाट बंद होने तक किया जाएगा।

प्रथम रथ हरिद्वार से बद्रीनाथ, द्वितीय रथ रूद्रप्रयाग से केदारनाथ, तृतीय हरिद्वार से गंगोत्री तथा चौथा रथ धरासू से यमुनोत्री तक नियमित भ्रमण करेगा। रथ यात्रा में शामिल लोग लोगों को गंगा संरक्षण के प्रति जागरूक करेंगे।

इन रथों में एलसीडी स्क्रीन के साथ ही प्रचार साहित्य इत्यादि भी उपलब्ध रहेगी। रथ यात्रा को रवाना करने से पहले मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की गंगा की स्वच्छता और निर्मलता के प्रति जो प्रतिबद्धता है, उसे पूरा करना है। गंगा के विशाल भूभाग में विस्तृत बेसिन में एक अभियान चला कर हमें गंगा को उसके प्राकृतिक स्वरूप में वापस लाना है। हमें गंगा को पूरी तरह प्रदूषण मुक्त करना है। यह अभियान तब तक चलता रहेगा, जब तक गंगा पूरी तरह स्वच्छ नहीं होगी।

उन्होंने कहा कि गंगा के प्रति लोगों की धार्मिक आस्था है। गंगा की महिमा अपरंपार कही गई है, इसे मोक्षदायिनी माना गया है। गंगा के प्रति करोड़ों हिंदुओं की आस्था के अतिरिक्त पूरी दुनिया में अनेक लोगों की भी आस्था है। असंख्य लोगों की गंगा के प्रति आध्यात्मिक दृष्टि है। हमें नमामि गंगा को सफल बनाना है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि गंगा संरक्षण रथ यात्रा अपने लक्ष्य में सफल होगी।

इस अवसर पर राज्य मंत्री धन सिंह रावत, परियोजना निदेशक राघव लंगर, जिलाधिकारी देहरादून श्एसए मरूगेशन एवं गंगा विचार मंच के प्रदेश संयोजक लोकेंद्र बिष्ट भी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button