उत्तर प्रदेश

जौनपुर में युवक की हत्या के बाद तनाव, भीड़ ने की आगजनी

जौनपुर  पठखौली में वर्चस्व की जंग के चलते एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गुरुवार को उसका शव घर से 300 मीटर दूर परियत गांव के एक खेत में मिला। हत्या से आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने बाजार में आगजनी और चक्काजाम कर दिया।

डीएम को बुलाने की मांग पर ग्रामीण अड़े रहे। एसडीएम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया तब प्रदर्शन कर रहे लोग वहां से हटे। पिता की तहरीर पर प्रधानपति समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

अजय उर्फ सूरज (25) कुछ लोगों के साथ अपना गुट बनाकर गांव में चलता था। प्रधानपति लवकुश तिवारी जब कभी अपना वर्चस्व गांव में दिखाता तो अजय दखल देकर उसे असफल कर देता। लवकुश और उसके पड़ोसी शुभम तिवारी के बीच भी विवाद चल रहा था। इसमें सूरज शुभम का साथ दे रहा था। इसी बात को लेकर दोनों में टकराव होता था।

कुछ दिन पूर्व ही उसका दीना प्रजापति से भी विवाद हुआ था। बुधवार रात करीब 11 बजे सूरज के मोबाइल पर कॉल आई कि पुलिस तुम्हारे घर जा रही है, वहां से हट जाओ। वह पत्नी वंदना को जानकारी दे घर से निकल गया और रात भर नहीं आया। सुबह कुछ ग्रामीण शौच के लिए निकले तो खेत में उसका शव देख शोर मचाया, परिजन भी पहुंच गए। पुलिस भी पहुंची। अजय के सिर और पीठ पर गोली लगी थी।

डाग स्क्वाएड भी प्रजापति बस्ती के बाहर जाकर रुक गया। इधर, आक्रोशित लोगों ने रामपुर-बरसठी मार्ग स्थित परियत बाजार में सड़क पर शव रख आगजनी शुरू कर दी। चक्काजाम हुआ तो वाहनों की कतार लग गई। सभी वहां डीएम सर्वज्ञराम मिश्रा को बुलाने की मांग कर रहे थे। बवाल की सूचना मिली तो एसडीएम अयोध्या प्रसाद पहुंचे।

एसडीएम ने आरोपियों को दो दिन में गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया तब जाम खत्म हुआ। पिता विजय शंकर ने बताया कि प्रधानपति ने दो दिन पूर्व हत्या की धमकी दी थी। उनकी तहरीर पर पुलिस ने प्रधानपति, दीना प्रजापति, मोनू तिवारी, भदोही निवासी संतोष उपाध्याय व दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

Related Articles

Back to top button