उत्तराखंड विकास खण्ड

दुर्गम क्षेत्रों में उपलब्ध कराएंगे मुफ्त सेटअप बॉक्स: वैंकेया नायडू

देहरादून : केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा कि उत्तराखंड के जिन दुर्गम क्षेत्रों में दूरदर्शन की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है, वहां सरकार की ओर से लोगों को मुफ्त सेटअप बॉक्स उपलब्ध कराए जाएंगे। ताकि, लोग समाचारों व अपनी संस्कृति से जुड़ने के साथ सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर सके। केंद्रीय मंत्री ने गुरुवार को दूरदर्शन केंद्र में दूरदर्शन एवं आकाशवाणी केंद्र का लोकार्पण किया।

उन्होंने कहा कि दूरदर्शन एवं आकाशवाणी के सहयोग से स्थानीय बोली, भाषा और संस्कृति की झलक मिलेगी। उत्तराखंड की देश में विशिष्ट पहचान है, आकाशवाणी एवं दूरदर्शन के माध्यम से यह अच्छी तरह से लोगों के सामने आएगी। फिलहाल समाचार एकांश दून से शाम 6.30 से 6.45 तक प्रसारित होगा। 15 जुलाई के बाद सेटेलाइट के माध्यम से लखनऊ से 15 मिनट का अन्य प्रसारण भी दिखाया जाएगा। सरकार का प्रयास है कि अगले एक साल में दून से दूरदर्शन का प्रसारण 24 घंटे किया जाए।

उन्होंने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आकाशवाणी के माध्यम से मन की बात करते हैं, वैसे ही उन्होंने सीएम से भी आकाशवाणी के माध्यम से मन की बात करने की अपील की। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि दूरदर्शन व आकाशवाणी उत्तराखंड की प्रगति में मील का पत्थर साबित होगा।

उत्तराखंड की संस्कृति, तीर्थाटन, पर्यटन के नए कलेवर को दूरदर्शन पेश करेगा। इस मौके पर सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, माला राज्य लक्ष्मी शाह, आकाशवाणी के महानिदेशक फय्याद शहरयार, दूरदर्शन के महानिदेशक सुप्रिया शाहू, केंद्र निदेशक बीबी भट्ट आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button