देश-विदेश

महिला और बाल विकास मंत्रालय ने “वेब वंडर वुमन” अभियान लांच किया

नई दिल्ली: महिला और बाल विकास मंत्रालय ने ऑनलाइन अभियान ‘#www : Web- WonderWomen’ लांच किया है। इस अभियान का उद्देश्य उन महिलाओं को खोजना और उनके असाधारण उपलब्धियों को मान्यता देना है, जो सोशल मीडिया के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन का सार्थक एजेंडा चला रही हैं। इस अवसर पर केन्द्रीय महिला और बाल विकास मंत्री श्रीमती मेनका संजय गांधी तथा ट्वीटर की ग्लोबल हेड, पब्लिक पॉलिसी श्री कॉलिन क्रोवेल तथा ब्रेकथ्रू की अध्यक्ष और सीईओ सुश्री सोहिनी भट्टाचार्य उपस्थित थीं।

इस अभियान के माध्यम से मंत्रालय तथा अभियान के साझेदार का उद्देश्य विश्व की भारतीय महिला दिग्गजों की दृढ़ता को मान्यता देना है, जिन्होंने समाज में परिवर्तन के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से सार्थक अभियान चलाया है। यह अभियान इन मेधावी महिलाओं के प्रयासों को मान्यता देगा।

इस अवसर पर केन्द्रीय महिला और बाल विकास मंत्री श्रीमती मेनका संजय गांधी ने कहा कि भारतीय महिलाएं हमेशा से उद्यमी रही हैं और उन्होंने अपने कठिन परिश्रम, अनुभव तथा ज्ञान के बल पर समाज पर सार्थक प्रभाव डाला है। ऑनलाइन ‘#www : Web- WonderWomen’ अभियान का उद्देश्य ऐसे स्वरों को सम्मान और प्रोत्साहन देना है, जिन्होंने सोशल मीडिया मंचों पर सार्थक प्रभाव छोड़ा है। उन्होंने कहा कि उनका मंत्रालय ब्रेकथ्रू तथा ट्वीटर इंडिया के साथ साझेदारी से प्रसन्न है।

इस अभियान में निर्धारित मानक के अनुसार पूरे विश्व से नामांकन के माध्यम से प्रविष्टियां आमंत्रित की जाती हैं। नामांकन 31 जनवरी, 2019 तक होगा। विश्व में कहीं भी कार्य कर रहीं या बसी हुईं भारतीय मूल की महिलाएं नामांकन की पात्र हैं। चयनित प्रविष्टियों को ट्वीटर पर सार्वजनिक वोटिंग के लिए खोला जाएगा और निर्णायकों के पैनल द्वारा फाइनल में पहुंचने वालों का चयन किया जाएगा। स्वास्थ्य, मीडिया, साहित्य कला, खेल, पर्यावरण संरक्षण और फैशन सहित अनेक श्रेणियों में नामांकन आमंत्रित किए गए हैं।

विस्तृत जानकारी के लिए https://twitter.com/MinistryWCD  या https://www.facebook.com/ministryWCD/ देखें।

Related Articles

Back to top button