राजनीति

मोदी से मिली फ्रांसीसी रक्षामंत्री फ्लोरेंस पार्ली, कहा- वैश्विक चुनौतियों से निपटने में भारत समर्थ, वार्षिक रक्षा वार्ता में भी हुईं शामिल

फ्रांसीसी रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पार्ली दो दिनों के आधिकारिक भारत दौरे पर हैं। भारत और फ्रांस के बीच रणनीतिक और रक्षा संबंधों की मजबूती के नजरिए से इस दौरे को अहम माना जा रहा है।शुक्रवार को आधिकारिक दौरे के पहले दिन रक्षा मंत्री पार्ली ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अपने भारतीय समकक्ष राजनाथ सिंह से मुलाकात की। पीएम मोदी से मुलाकात के दौरान उन्होंने वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा की।

वैश्विक चुनौतियों से निपटने में भारत समर्थ

भारत में फ्रांस के राजदूत इमैनुएल लेनिन ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस की रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पार्ली की मुलाकात के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच वैश्विक चुनौतियों को लेकर चर्चा हुई। विश्व में बढ़ती अस्थिरता के बीच फ्रांस भारत को प्रमुख शक्ति और भागीदार के रूप में देखता है। जो एक बहु-ध्रुवीय व्यवस्था बनाने के साथ कानून की रक्षा करने और वैश्विक चुनौतियों से निपटने में सहायक होगा। फ्रांसीसी दूतावास के मुताबिक पार्ली की यह यात्रा भारत-प्रशांत क्षेत्र में फ्रांस की भागीदारी और फ्रांसीसी रणनीति में भारत की भागीदारी पर प्रकाश डालती है।

तीसरी वार्षिक रक्षा वार्ता

भारतीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह और उनकी फ्रांसीसी समकक्ष फ्लोरेंस पार्ली के बीच शुक्रवार को तीसरी वार्षिक रक्षा वार्ता हुई। वार्षिक बैठक में विविध द्विपक्षीय, क्षेत्रीय, रक्षा तथा रक्षा औद्योगिक सहयोग के मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान दोनों देशों की सेनाओं के बीच मौजूदा सहयोग को लेकर समीक्षा भी की गई, जो महामारी की चुनौतियों के बावजूद बढ़ा है। भारत और फ्रांस ने हाल ही में नवंबर 2021 में फ्रांस में आतंकवाद विरोधी अभियानों पर केंद्रित अपने वार्षिक द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास, शक्ति का समापन किया है। दोनों देशों के बीच भविष्य के सहयोग तथा सह-उत्पादन पर केंद्रित रक्षा औद्योगिक सहयोग पर चर्चा की गई। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने रक्षा संबंधी अनेक मुद्दों पर अपनी सहमति व्यक्त की है। उन्होंने द्विपक्षीय, क्षेत्रीय तथा बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई। गौरतलब है कि इस यात्रा के दौरान फ्रांस की रक्षा मंत्री पार्ली की अन्य भारतीय गणमान्य व्यक्तियों से मुलाकात भी संभावित है।

Related Articles

Back to top button