देश-विदेश

हुनर हाट का केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने किया उद्घाटन, कई मशहूर सिंगर देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुति

नई दिल्ली [अरविंद कुमार द्विवेदी]। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में बृहस्पतिवार को केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन एवं श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव, केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और केंद्रीय विदेश एवं संस्कृति राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी ने 35वें हुनर हाट का उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि हुनर हाट हमारे देश की शानदार धरोहर का प्रमोशन, प्रोजेक्शन और प्रोटेक्शन और करने के बेहतरीन मंच है। यह वोकल फार लोकल की अवधारणा को पूरे देश में पहुंचा रहा है। हुनर हाट तो कौशल के कुबेरों का महाकुंभ है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार देश की हुनर की विरासत को नई ऊर्जा के साथ ही मौका-मार्केट भी मुहैया करा रही है। पिछले छह सालों में साढ़े सात लाख कारीगरों, शिल्पकारों और उनसे जुड़े लोगों को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्रदान किए हैं। इनमें 40 प्रतिशत से अधिक महिलाएं हैं।
वहीं, भूपेंद्र यादव ने कहा कि हुनर हाट कलाकारों की प्रतिभा को दूर-दूर तक पहुंचाता है। हमने गांवों व दूर-दराज के इलाकों में 400 किस्म के रोजगार की पहचान की है। कोई भी व्यक्ति इसमें अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकता है। माइग्रेंट लेबर और डोमेस्टिक लेबर का सर्वे कराया जा रहा है। केंद्र सरकार एविडेंस बेस्ड डेमोक्रेसी का निर्माण कर लास्ट माइल डिलीवरी के लक्ष्य पर काम कर रही है। ई-श्रम कार्ड भी इसी का हिस्सा है। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डा. हर्षवर्धन, सांसद मनोज तिवारी व सांसद प्रवेश साहिब सिंह बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे।
पांच जनवरी तक चलने वाले हुनर हाट में विश्वकर्मा वाटिका, मेरा गांव मेरा देश व बावर्चीखाना आदि सेक्शन बनाए गए हैं। इसमें असम, बिहार, आंध्र प्रदेश, गुजरात, लद्दाख, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, झारखंड, मेघालय, दिल्ली, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, मणिपुर, गोवा, पुडुचेरी, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, चंडीगढ़, हरियाणा सहित 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 700 से ज्यादा दस्तकार, शिल्पकार, कारीगर अपने साथ हस्तनिर्मित उत्पाद लेकर आए हैं। बावर्चीखाना में देश के विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक पकवान हिंदुस्तान के हर क्षेत्र के जायके का मजा देगा। वहीं, पहली जनवरी से सांस्कृतिक संध्या में अलग-अलग दिन पंकज उधास, अल्ताफ राजा, दलेर मेहदी, सुरेश वाडेकर, सुदेश भोसले, कविता कृष्णमूर्ति, अमित कुमार, मनोज तिवारी, पवन सिंह, भूमि त्रिवेदी, मोहित खन्ना, जसवीर जस्सी, प्रिया मल्लिक, रेखा राज आदि अपनी प्रस्तुति देंगे। अभिनेता पुनीत इस्सर, गुफी पेंटल द्वारा अभिनीत महाभारत का मंचन और पारंपरिक सर्कस इस बार के प्रमुख आकर्षण हैं।

Related Articles

Back to top button