राजनीति

हैदराबाद में भाजपा की रैली को पुलिस ने नहीं दी अनुमति

तेलंगाना में मंगलवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बी संजय कुमार की गिरफ्तारी के खिलाफ पार्टी द्वारा प्रस्तावित ‘शांति रैली’ को पुलिस ने अनुमति नहीं दी। रैली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भी शामिल होना था।

हैदराबाद के पुलिस आयुक्त सीवी आनंद ने कहा, कोरोना के कारण सार्वजनिक सभाओं और रैलियों पर प्रतिबंधों को ध्यान में रखते हुए अनुमति नहीं दी गई। इस बीच, केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी संजय कुमार से मिलने को करीमनगर में जेल पहुंचे।

रेड्डी ने आरोप लगाया, संजय कुमार व अन्य लोगों को अवैध रूप से गिरफ्तार किया गया है। उनपर गलत आरोप लगाए गए। रेड्डी उनके आवास व कार्यालय भी गए, जहां उन्हें रविवार को कोरोना प्रतिबंधों के उल्लंघन के कारण गिरफ्तार किया गया था।

करीमनगर से लोकसभा सदस्य संजय कुमार को राज्य सरकार के एक आदेश के खिलाफ ‘जागरण’ कर विरोध करने के लिए गिरफ्तार किया गया था। राज्य में नौकरियों के आवंटन में क्षेत्रीय प्रणाली शुरू करने के खिलाफ वह रात को प्रदर्शन करना चाहते थे।

Related Articles

Back to top button