उत्तर प्रदेश

प्रदेश में कोरोना के 23,921 मामले एक्टिव, अब तक 41,641 मरीज पूरी तरह से उपचारित

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव सूचना एवं गृह श्री अवनीश कुमार अवस्थी ने आज यहां लोक भवन में प्रेस प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री जी ने आज जनपद गोरखपुर के सहजनवा क्षेत्र में नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण जलमग्न क्षेत्रों की स्थिति का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने ललित नारायण मिश्र रेलवे हाॅस्पिटल तथा एम्स गोरखपुर में कोरोना से संक्रमित मरीजों के इलाज हेतु एल-2 के चिकित्सालय बनाये जाने की तैयारियों का भी निरीक्षण किया।
श्री अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री जी ने बढ़ते हुए जलस्तर के निरीक्षण के उपरान्त बाढ़ खण्ड/सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी बंधे सुरक्षित रहे, कोई भी बंधा टूटने न पाये इसके लिए तटबंधों की निरन्तर निगरानी की जाये। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देशित किया है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नावों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। इसके उपरान्त मुख्यमंत्री जी ने ललित नारायण मिश्र रेलवे चिकित्सालय तथा एम्स का निरीक्षण कर निर्देशित किया है कि कोविड संक्रमण के दृष्टिगत शीघ्र ही वहां एल-2 चिकित्सालय बनाने का कार्य पूर्ण कर मरीजों का इलाज प्रारम्भ कर दिया जाये। उन्हें अवगत कराया गया है कि एम्स में प्रथम चरण में 50 बेड का तथा द्वितीय चरण में भी 50 बेड का कोरोना मरीजों के लिए वार्ड बनाया जा रहा है।
श्री अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री जी ने आज बलिया एवं वाराणसी का भी दौरा कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों एवं कोविड-19 के सम्बंध में किये जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मुख्य सचिव ने इस सम्बंध में कल कानपुर एवं झांसी का दौरा किया। आज उन्होंने मिर्जापुर का दौरा करने के उपरान्त प्रयागराज का दौरा किया। उन्होंने बताया कि कोरोना की इस लड़ाई में मुख्यमंत्री जी द्वारा स्वयं जनपदों का दौरा कर स्थिति का जायजा लेने के साथ-साथ वरिष्ठ अधिकारियों को भी जनपदों का दौरा कर निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।
श्री अवस्थी ने बताया कि देश में अब तक कुल 14.49 करोड़ लोगों ने आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड किया है। इसमें सर्वाधिक उत्तर प्रदेश के लोगों की संख्या 2.47 करोड़ है। उन्होंने बताया कि सूक्ष्म, लघु, मध्यम एवं वृहद श्रेणी की 7,95,911 इकाईयां क्रियाशील हैं जिसमें 49,73,000 श्रमिक कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि 20-30 जून, 2020 के मध्य प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तृतीय चरण में 3.95 करोड़ राशन कार्डों के सापेक्ष कुल 3.34 करोड़ राशन कार्डों के 13.69 करोड़ के यूनिट पर खाद्यान्न वितरित किया गया। इसके अतिरिक्त आत्मनिर्भर भारत योजना के द्वितीय चरण में कुल 2.88 लाख राशन कार्डों के सापेक्ष 2.64 लाख राशन कार्डों पर निःशुल्क खाद्यान्न वितरित किया गया। उन्होंने बताया कि 21 जुलाई, 2020 से प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अन्तर्गत खाद्यान्न का वितरण प्रारम्भ किया गया है। अब तक 3.57 करोड़ राशन कार्डों के सापेक्ष कुल 2.62 करोड़ राशन कार्डों पर निःशुल्क खाद्यान्न का वितरण किया गया है। 21 जुलाई, 2020 से आत्मनिर्भर भारत योजना के अन्तर्गत कुल 2.88 लाख राशन कार्डों के सापेक्ष 81,252 राशन कार्डों पर निःशुल्क खाद्यान्न का वितरण किया गया। उन्होंने बताया कि माह अप्रैल, 2020 से अब तक कुल 10.14 लाख परिवारों को नये राशन कार्ड जारी किये गये हैं।
श्री अवस्थी ने बताया कि प्रदेश में सामान्य वर्षा होने का अनुमान है। प्रदेश में अब तक लगभग 71 प्रतिशत खरीफ फसलों की बुआई पूरी कर ली गई है। जो विगत वर्ष के इसी अवधि की 63.5 लाख हे0 की तुलना में अधिक है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 5076 गो-आश्रय स्थलों में 5.04 लाख निराश्रित गोवंश संरक्षित किये गये हैं। उन्होंने बताया कि जनपदों में इन निराश्रित गोवंश के लिए 3,369 भूसा बैंक की स्थापना सुनिश्चित कर 7.68 लाख कुन्तल भूसा की अतिरिक्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग से प्राप्त सूचना के अनुसार प्रदेश में अब मात्र 28 कम्युनिटी किचन संचालित हैं।
श्री अवस्थी ने बताया कि ग्राम्य विकास विभाग के अनुसार मनरेगा के अन्तर्गत उत्तर प्रदेश की 48,420 ग्राम पंचायतों में 21.90 लाख श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराया गया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न ग्राम पंचायतों में 17.61 करोड़ मानव दिवस सृजित करते हुए 3,571.43 करोड़ रूपए के मानदेय का भुगतान किया गया है। उन्होंने बताया कि कल उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की 4200 बसों के माध्यम से 4.88 लाख यात्रियों ने यात्रा की। परिवहन निगम की बसें शनिवार व रविवार को भी संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 24 जुलाई, 2020 तक 18,089 कैदियों को बेल/पैरोल पर छोड़ा गया है। इन कैदियों को मा0 उच्चतम न्यायालय के आदेशानुसार अतिरिक्त समय प्रदान किया गया है।
श्री अवस्थी ने बताया कि गृह विभाग की धारा 188 के तहत 1,44,418 एफआईआर दर्ज करते हुये 3,10,983 लोगों को नामजद किया गया है। प्रदेश में 8021 बैरियर स्थापित कर अब तक 1.04 करोड़ वाहनांे की सघन चेकिंग में 28.05 लाख वाहनों का चालन करते हुए 51.97 करोड़ रूपए का शमन शुल्क वसूल किया गया। उन्होंने बताया कि कालाबाजारी व जमाखोरी रोकने हेतु ई0सी0 एक्ट के अन्तर्गत 764 एफआईआर दर्ज करते हुए 1019 व्यक्तियों के विरूद्ध कार्यवाही की गयी है। प्रदेश में 999 थानान्तर्गत 6092 हाॅट स्पाॅट क्षेत्रों में 10,92,411 मकानों को चिन्हित किया गया है। उन्होंने बताया कि फेक न्यूज के तहत अब तक कुल 326 मामले, जिनमें ट्विटर के 151 व फेसबुक के 114, टिकटाॅक के 60 एवं व्हाट्सअप के 01 एकाउंट को ब्लाक किया जा चुका है।
अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त, श्री आलोक टण्डन ने बताया कि प्रदेश में टेस्टिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है। प्रदेश में कल एक दिन में 71,881 सैम्पल की जांच की गयी, जो अब तक सर्वाधिक है। इस प्रकार कोविड-19 की जांच में 18 लाख का आकड़ा पार करते हुए प्रदेश में अब तक लगभग 18,34,297 सैम्पल की जांच की गयी है। प्रदेश में विगत 24 घंटंे में कोरोना के 3,260 नये मामले आये है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 23,921 कोरोना के मामले एक्टिव हैं। अब तक 41,681 मरीज पूरी तरह से उपचारित हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि पूल टेस्ट के अन्तर्गत कुल 2,764 पूल की जांच की गयी, जिसमें 2534 पूल 5-5 सैम्पल के तथा 230 पूल 10-10 सैम्पल की जांच की गयी।
श्री टण्डन ने बताया कि प्रदेश में सर्विलांस की कार्यवाही के अन्तर्गत 1,90,282 सर्विलांस टीम द्वारा लगभग 1.37 करोड़ घरों के लगभग 6.96 करोड़ लोगों का सर्वेक्षण किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 2,792 लोग होम आइसोलेशन में रखे गये हैं।

Related Articles

Back to top button