देश-विदेश

देश के 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फैला कोरोना, बढ़ रहा है मौत का आंकड़ा

कोरोना वायरस का प्रकोप देश के 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फैल चुका है। बुधवार को 24 घंटों में कोरोना से सबसे ज्यादा मौत हुईं और बीमारों की संख्या में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। संक्रमित लोगों की देश में संख्या 5,194 हो गई, जबकि मृतकों का आंकड़ा 149 पर पहुंच गया। मंगलवार की तुलना में बुधवार को संक्रमितों और मृतकों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा सूची के अनुसार देश में कोरोना से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में संक्रमितों का आकंड़े 1000 को पार कर चुका है। वहां अब तक 1018 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 64 लोगों की मौत हो गयी है। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे के दौरान 19 लोगों की मौत हुयी और 270 लोग संक्रमित हुए हैं।

25 लोगों की मौत : सुबह नौ बजे तक आए मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक मंगलवार से 25 लोगों की मौत हुई। इनमें से 16 लोगों की मौत महाराष्ट्र में तथा दिल्ली, पश्चिम बंगाल, हरियाणा और तमिलनाडु में दो-दो व्यक्ति की मौत और आंध्र प्रदेश में एक व्यक्ति की मौत हुई। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बताया कि कोविड-19 के ऐेसे मामले जिनमें इलाज चल रहा है उनकी संख्या 4,643 है, 401 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं और उन्हें छुट्टी दे दी गई है। कुल मामलों में से 70 विदेशी नागरिक हैं।

प्रदेश के अनुसार स्थिति : कोरोना वायरस से सर्वाधिक 64 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई। गुजरात और मध्य प्रदेश में 13-13 लोगों की मौत और दिल्ली में नौ लोगों की मौत हुई। तेलंगाना, पंजाब और तमिलनाडु में सात-सात लोगों की मौत हुई। पश्चिम बंगाल में पांच लोगों की, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में चार-चार लोगों की मौत, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में तीन-तीन लोगों की मौत हुई है। जम्मू-कश्मीर और केरल में दो-दो लोगों की मौत हुई। बिहार, हिमाचल प्रदेश और ओडिशा में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। सर्वाधिक 1018 मामले महाराष्ट्र से, तमिलनाडु में 690 मामले और दिल्ली में 576 मामले हैं। Source पुणे समाचार

Related Articles

Back to top button