देश-विदेश

डॉ. जितेन्‍द्र सिंह ने अंतर्राष्‍ट्रीय महिला दिवस पर कार्यशाला को संबोधित किया

नई दिल्ली: केंद्रीय पूर्वोत्‍तर क्षेत्र विकास राज्‍य मंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार), प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष राज्‍यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज अंतर्राष्‍ट्रीय महिला दिवस के मौके पर कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय द्वारा आयोजित एक कार्यशाला को संबोधित किया। डॉ. जितेंद्र सिंह ने महिला दिवस समारोह में आयोजित विभिन्‍न प्रतियोगिताओं में विजेयी रहीं कार्मिक मंत्रालय के महिला कर्मचारियों को पुरस्‍कार भी प्रदान किये।

इस अवसर पर डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों के दौरान म‍हिला दिवस समारोह का पूरा माहौल ही बदल गया है। उन्‍होंने कहा कि महिला दिवस पर पहले लिंग समानता और महिला उद्धार को लेकर बातें हुआ करती थीं, जबकि अब इसमें विभिन्‍न क्षेत्रों में महिलाओं की सफलता का उत्‍सव मनाया जाने लगा है। उन्‍होंने महिला दिवस के मौके पर पुरस्‍कृत महिला कर्मचारियों को बधाई दी। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्‍व में महिला कल्‍याण की दिशा में कई कदम उठाए गए हैं।

कार्मिक एवं प्रशिक्षण सचिव डॉ. सी. चंद्रमौली ने कहा कि महिला कर्मचारी किसी भी संगठन के महत्‍वपूर्ण अंग होते हैं। उन्‍होंने महिलाओं को सुअवसर उपलब्‍ध कराने की दिशा में मिलकर काम करने और उन्‍हें उनकी कोशिशों में मदद करने पर जोर दिया।

Related Articles

Back to top button