उत्तर प्रदेश

प्रदेश में प्रत्येक स्तर पर सुधार दिखायी दे रहा, यह बदलाव टीम वर्क के कारण ही सम्भव हो सका

लखनऊउत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि पिछले सवा चार वर्षों में प्रदेश में सकारात्मक परिवर्तन आया है। प्रदेश में एक नयापन देखने को मिल रहा है। वर्ष 2017 के बाद प्रदेश की स्थिति को बदलता हुआ देखा जा रहा है। प्रदेश में सवा चार लाख सरकारी नौकरियां तथा इससे कई गुना अधिक निजी नौकरियां प्रदान की गईं। प्रदेश में निजी निवेश के कारण डेढ़ करोड़ से अधिक युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार मिला है। इसके माध्यम से युवाओं को स्वावलम्बन की ओर अग्रसर होने का अवसर प्राप्त हुआ है।

 मुख्यमंत्री जी आज यहां लोक भवन सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जेल वाॅर्डर (पुरुष), जेल वाॅर्डर (महिला), फायरमैन एवं घुड़सवार पुलिस के पद पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति/चयन पत्र वितरित करने के बाद अपने विचार व्यक्त कर रहे थे।  उन्होंने पारदर्शी प्रक्रिया के तहत नवचयनित 5,805 अभ्यर्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जेल वाॅर्डर की चयन प्रक्रिया में 20 प्रतिशत जेल वाॅर्डर (महिला) चयनित की गई हैं।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पिछले सवा चार वर्षों के दौरान ईमानदारी एवं पारदर्शी ढंग से डेढ़ लाख पुलिस कर्मियों की भर्ती प्रक्रिया को सम्पन्न किया गया। इससे वर्तमान प्रदेश सरकार की नई कार्य पद्धति के साथ एक नए उत्तर प्रदेश का मानचित्र प्रस्तुत हुआ है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जेल वाॅर्डर (पुरुष), जेल वाॅर्डर (महिला), फायरमैन एवं घुड़सवार पुलिस के पद की परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया है। इस चयन प्रक्रिया की सबसे अच्छी बात यह रही कि प्रत्येक जनपद के अभ्यर्थियों ने इस प्रक्रिया में सफलता प्राप्त की। उन्होंने कहा कि वे सभी 5,805 सफल अभ्यर्थियों से संवाद करना चाहते थे, किन्तु कोविड प्रोटोकाॅल का पालन करने के कारण एक साथ सभी नवचयनित अभ्यर्थियों को बुलाना सम्भव नहीं था।

 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में प्रत्येक स्तर पर सुधार दिखायी दे रहा है। यह बदलाव टीम वर्क के कारण ही सम्भव हो सका है। इसमें पुलिस महानिदेशक से लेकर आरक्षी तक तथा शासन-प्रशासन के प्रत्येक व्यक्ति के सामूहिक प्रयास से राज्य की छवि को बदलने में सफलता मिली है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ‘उत्तर प्रदेश इन्वेस्टर्स समिट-2018’ में राज्य को साढ़े चार लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। इसमें से अधिकतर लागू हो गए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था से निवेश का माहौल बना, युवाओं के लिए रोजगार की सम्भावनाएं आगे बढ़ीं। निजी क्षेत्र में हमारे प्रदेश के युवाओं को बड़ी संख्या में नौकरियां और रोजगार प्राप्त हुए।

 मुख्यमंत्री जी ने नवचयनित अभ्यर्थियों से कहा कि नियुक्ति के पश्चात् जो वेतन मिलेगा, वह प्रदेश की जनता का पैसा है। टैक्स के रूप में प्रदेश की जनता के इस सहयोग से विकास भी होता है और व्यवस्था का संचालन भी। इसलिए जनता के प्रति आप सभी की जवाबदेही है। उन्होंने नवचयनित कर्मियों से अपेक्षा की कि वे पूरी ईमानदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ प्रदेश की 24 करोड़ जनता की सेवा करेंगे।

मुख्यमंत्री जी ने स्वयं जेल वाॅर्डर (पुरुष), जेल वाॅर्डर (महिला), फायरमैन एवं घुड़सवार पुलिस के पद पर चयनित 12 अभ्यर्थियों को नियुक्ति/चयन पत्र वितरित किए। इनमें जेल वाॅर्डर (पुरुष) के लिए श्री अभिषेक पाल, श्री अतुल कुमार एवं श्री संदीप कुमार, जेल वाॅर्डर (महिला) के लिए सुश्री प्रीति सिंह, सुश्री वैशाली देवी एवं सुश्री पूजा देवी, घुड़सवार पुलिस के लिए श्री प्रमोद कुमार मौर्य एवं श्री मृत्युंजय लोहिया तथा फायरमैन के लिए श्री विवेक सिंह, श्री शिवेन्द्र शर्मा, श्री अजय वर्मा एवं श्री शुभम कुमार शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी को स्मृति चिन्ह् एवं रूद्राक्ष का पौधा भेंट किया गया।

वित्त मंत्री श्री सुरेश खन्ना ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि जब से वर्तमान सरकार सत्ता में आयी है, तब से प्रदेश में रूल आॅफ लाॅ का प्रत्यक्ष रूप से देखने को मिला है, जिसकी लोग वर्षों से प्रतीक्षा कर रहे थे। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में प्रत्येक क्षेत्र में हुए सुधारों से एक व्यावहारिक परिवर्तन आया है। पुलिस विभाग में बड़ी संख्या में नौकरियां और बड़े पैमाने पर कार्मिकों को प्रोन्नति का अवसर मिला है। प्रदेश सरकार ने पुलिस ड्यूटी और प्रोन्नति की विसंगतियों को दूर किया।

 कारागार राज्यमंत्री श्री जय कुमार सिंह जैकी ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। समाज में भयमुक्त वातावरण स्थापित हुआ है। मुख्यमंत्री जी ने युवाओं को रोजगार से जोड़ने का जो वादा किया था, उसी क्रम में एक सार्थक पहल के रूप में यहां हम सभी भागीदार हैं। रोजगार को लेकर मुख्यमंत्री जी का अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। कारागार सुरक्षा को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए कारागार विभाग में लम्बे समय से रिक्त चल रहे सुरक्षा कर्मियों की पदों पर भर्ती की कार्यवाही के आदेश दिए गए, जिसके फलस्वरूप सुरक्षा कर्मियों के पदों पर भर्ती की कार्यवाही उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा की गई है।

 उ0प्र0 पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष श्री राजकुमार विश्वकर्मा ने बोर्ड द्वारा प्रचलित भर्ती प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों के 9534 पदों, पुलिस कार्यालयों के कर्मियों के 1329 पदों, पुलिस रेडियो शाखा के विभिन्न स्तरों के 2244 पदों तथा पुलिस विभाग में कम्प्यूटर आॅपरेटर के 693 पदों की भर्ती की कार्यवाही प्रचलित है। उ0प्र0 पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा 13,800 पदों के लिए भर्ती की कार्यवाही दिसम्बर, 2021 तक पूरी कर ली जाएगी।

 इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव गृह श्री अवनीश कुमार अवस्थी, पुलिस महानिदेशक श्री मुकुल गोयल, अपर मुख्य सचिव सूचना एवं एम0एस0एम0ई0 श्री नवनीत सहगल, डी0जी0 (जेल) श्री आनन्द कुमार, ए0डी0जी0 (लाॅ एण्ड आॅर्डर) श्री प्रशान्त कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button