उत्तर प्रदेश

वर्षाकाल के दृष्टिगत प्रदेश की गौशालाओं में पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं: धर्मपाल सिंह

उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री श्री धर्मपाल सिंह ने कहा है कि दिनांक 05 जुलाई से 20 जुलाई तक अभियान चलाकर बरेली मण्डल के निराश्रित गोवंश को गोआश्रय स्थलों में पहुंचाया जाए। गोसंरक्षण कार्यों की दिशा में बरेली मण्डल को आदर्श मण्डल के रूप में स्थापित किया जाए और मण्डल के तहत जनपद बदायूं, पीलीभीत, बरेली तथा शाहजहांपुर के गोआश्रय स्थलों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। वर्षाकाल के दृष्टिगत प्रदेश की गौशालाओं में संरक्षित निराश्रित गोवंश हेतु चारा-भूसा, पानी, प्रकाश एवं गोवंश के भीगने से बचाव हेतु टीनशेड की बेहतर इन्तजाम किये जाने पर विशेष ध्यान दिया जाय। इसके अतिरिक्त कीचड़ से बचाव हेतु पक्का सोलिंग कार्य कराये जाने के भी निर्देश दिए।
पशुधन मंत्री श्री धर्मपाल सिंह आज यहां विधानभवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में निराश्रित गोवंश के वर्षाकाल के समय संरक्षण, गोशालाओं की सुविधाओं एवं बरेली मण्डल में निराश्रित गोवंश की अद्यतन स्थिति के संबंध में समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गोआश्रय स्थलों में जलभराव की समस्या के निस्तारण हेतु समय से पूरे इन्तजाम किए जाएं और संक्रामक रोगों से बचाव हेतु आवश्यक दवाइयों एवं वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी मुख्य पशुचिकित्साधिकारियों द्वारा संभावित बाढ़ आपदा से पशुधन पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव एवं पशुहानि से बचाव हेतु जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन के निर्देश दिए।
पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री ने निर्देश दिए कि यदि कहीं निराश्रित गोवंश सड़कों या खेतों में दिखायी दें तो उन्हें उपयुक्त स्थल पर संरक्षित किया जाए। उन्होंने गोआश्रय स्थलों के निर्माण के लिए आवंटित धनराशि को पारदर्शिता तथा वित्तीय अनुशासन का पालन करते हुए व्यय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की समयबद्धता और उच्च गुणवत्ता का पालन जरूरी है। श्री सिंह ने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु के दृष्टिगत नैपियर घास भी लगवाई जाए ताकि हरे चारे की भी उपलब्धता वर्ष पर्यन्त हो सके। गोआश्रय स्थलों पर सोलर लाइट की भी व्यवस्था करायी जाए और संरक्षित गोवंश का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण संबंधित पशुचिकित्साधिकारियों द्वारा किया जाए।
बैठक में प्रमुख सचिव श्री रविन्द्र ने मंत्री जी को आश्वस्त किया कि मंत्री जी द्वारा दिए गये सभी दिशा-निर्देशों का पालन पूर्ण रूप से सुनिश्चित कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि सभी जनपदों के अधिकारियों द्वारा वर्षाकाल के दृष्टिगत पशुधन की सुरक्षा हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त गोशालाओं के निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण कराये जायेंगे।
बैठक में पशुधन विभाग के विशेष सचिव श्री देवेन्द्र पाल ने पशुपालन विभाग के निदेशक, प्रशासन एवं विकास डॉ0 रघुनाथ सिंह, निदेशक रोग नियंत्रण प्रक्षेत्र डॉ0 पी0एन0 सिंह, अपर निदेशक डॉ0 जयकेश कुमार पाण्डेय तथा अपर निदेशक डॉ0 अरविन्द कुमार सिंह सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button