सेहत

Jamshedpur Coronavirus : 22 दिन के बाद कोरोना से फिर एक मरीज की मौत, मानगो में एक ही परिवार के तीन संक्रमित

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना फिर से जानलेवा साबित होने लगा है। 22 दिन के बाद शहर में कोरोना से एक महिला मरीज की मौत हुई। मृतक सोनारी की रहने वाली हैं। टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में उसका इलाज चल रहा था। सांस लेने की परेशानी होने पर 12 नवंबर को उसे भर्ती कराया गया था। इससे पूर्व जिले में 29 अक्टूबर को कोरोना से एक मौत हुई थी।

इधर, जिले में शनिवार को कुल तीन हजार 666 लोगों की जांच हुई। इसमें सात संक्रमित मिले। सबसे अधिक मानगो में पांच मरीज मिले। इसमें तीन एक ही परिवार के सदस्य हैं। वहीं, दो अलग-अलग परिवार के हैं। इसके अलावा बिष्टुपुर में एक व बारीडीह में एक मरीज मिले। जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर 52 हजार 72 हो गई है। वहीं, अभी तक एक हजार 61 मरीजों की मौत हो चुकी हैं।

तीन हजार से अधिक लोगों का लिया गया नमूना

पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंडों से शनिवार को कुल तीन हजार 428 लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। रिपोर्ट सोमवार को आने की उम्मीद है। जिले में अभी तक कुल 18 लाख 14 हजार 769 लोगों की जांच हुई हैं।

पांच मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे

शहर के विभिन्न कोविड अस्पतालों में भर्ती कुल पांच मरीज शनिवार को स्वस्थ होकर घर लौटे। जिले में अभी तक कुल 50 हजार 977 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट 97.91 प्रतिशत है।

Related Articles

Back to top button