उत्तर प्रदेश

सुरक्षा से जुड़े कर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करते हैं: ब्रजेश पाठक

लखनऊ: उ0प्र0 के विधान सभा अध्यक्ष श्री हृदय नारायण दीक्षित ने कहा कि विधान सभा सत्र चलाने में सुरक्षा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी विधान सभा सुरक्षा अधिकारियों/कर्मचारियों की होती है। उन्होंने कहा कि विधान सभा सत्र के दौरान सुरक्षा कर्मियों द्वारा निष्ठापूर्ण अपने दायित्वों का निर्वहन किया जाता है।

विधान सभा अध्यक्ष आज विधान सभा स्थित सेन्ट्रल हाल में मार्शल/डिप्टी मार्शल/वरिष्ठ सुरक्षा/सहायक सुरक्षा कर्मियों को सम्मानित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सम्मान समारोह से कर्मचारियों को प्रेरणा मिलती है। उन्होंने विधायी एवं न्याय मंत्री श्री ब्रजेश पाठक को इस कार्यक्रम के आयोजन हेतु शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

इस अवसर पर वित्त, संसदीय, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री सुरेश खन्ना ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान समारोह से सुरक्षा कर्मियों का मनोबल काफी बढ़ता है। उन्होंने कहा कि उनका मनोबल बढ़ने से उनके अन्दर आत्मविश्वास बढ़ता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायी एवं न्याय मंत्री श्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि विधान सभा सत्र में सबको सुरक्षित रखने का कार्य इन सुरक्षा कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान होता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा से जुड़े लोगों को सम्मान करने से उनकी गरिमा एवं सम्मान बढ़ता है तथा उनका आत्मबल और बढ़ता है।

श्री पाठक ने कहा कि विधान सभा की सुरक्षा से जुड़े कर्मी अपने कार्यालय समय से अधिक तनमन से कार्य करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करते हैं। उन्होंने कहा कि विधान सभा सत्र में उनकी जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।

विधायी एवं न्याय मंत्री ने कहा कि गत दिवस पूर्व में आयोजित पूरे देश से आये हुए पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन में विधान सभा के सुरक्षा कर्मियों ने बहुत अच्छे ढंग से अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने इनके द्वारा किये गये कार्यों की सराहना की।

Related Articles

Back to top button