उत्तर प्रदेश

संक्रमण अभी समाप्त नहीं हुआ है इसलिए विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है: अमित मोहन प्रसाद

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव ‘सूचना’ श्री नवनीत सहगल ने बताया कि कोविड प्रबंधन के संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूरी प्रतिबद्धता के साथ टीम-11 के सदस्यों साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जी के निर्देश पर लखनऊ के केजीएमयू और बलरामपुर चिकित्सालय को डेडीकेटेड कोविड चिकित्सालय बनाया जा रहा है। राजधानी लखनऊ के केजीएमयू और बलरामपुर हॉस्पिटल को अगले 24 घंटे की अवधि में डेडिकेटेड कोविड हॉस्पिटल के रूप में परिवर्तित कर संचालित किया जाना है। स्वास्थ्य मंत्री एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री इस महत्वपूर्ण कार्य की मॉनीटरिंग करेंगे। इन दो नए डेडिकेटेड कोविड हॉस्पिटल के संचालन से लखनऊ में लगभग 4000 बेड का विस्तार होगा। उन्होंने बताया कि लखनऊ स्थित अवध शिल्प ग्राम में एचएएल के सहयोग से एक नया सर्व सुविधायुक्त कोविड हॉस्पिटल तैयार किया जाएगा। मुख्यमंत्री जी ने स्वास्थ्य विभाग को एचएएल से समन्वय स्थापित कर इस अतिमहत्वपूर्ण कार्य को तत्काल क्रियाशील करने के निर्देश दिये है।

       श्री सहगल ने बताया कि कोविड मरीजों की चिकित्सकीय सुविधा को सुदृढ़ रखने के दृष्टिगत सभी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में ऑक्सीजन की आपूर्ति सुचारू है। प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर अति शीघ्र 10 नए ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए जाएंगे। इस कार्य में डीआरडीओ का सहयोग मिल रहा है। प्रदेश में ऑक्सीजन की सप्लाई नियमित है। डीआरडीओ ने प्रस्ताव दिया है जिसमें वे 15 दिनों में 10 नए प्लांट बनाएंगे जिसमें हवा से ऑक्सीजन बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने आदेश दिया है कि एक सप्ताह के अंदर ये सारे प्लांट शुरू कर दिए जाएं 10 नवीन ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना के संबंध में स्थान का चिन्हांकन कर आज से ही युद्धस्तर पर कार्यवाही प्रारंभ कर दी जाए। स्वास्थ्य मंत्री एवं अपर मुख्य सचिव स्वास्थय इस पूरी कार्यवाही पर सीधी नजर रखेंगे। उन्होंने बताया कि सभी जनपदों के कोविड अस्पतालों में ऑक्सीजन की अनवरत आपूर्ति बनी रहे। इसके लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा मेडिकल ऑक्सीजन की सुचारु आपूर्ति के संबंध में स्थापित कंट्रोल रूम 24×7 सक्रिय रहंेगा। उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को रेमिडीसीवीर की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये है। रेमिडीसीवीर सहित किसी भी प्रकार के जीवनरक्षक दवाओं की कोई कमी नहीं है। सभी जिलों में इनकी उपलब्धता सुनिश्चित रखी जायेगी। स्वास्थ्य राज्य मंत्री अतुल गर्ग इस कार्य की सतत मॉनिटरिंग कर रहें है।

  श्री सहगल ने बताया कि प्रदेश के सभी ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में आज शनिवार की रात्रि 08 बजे से सोमवार सुबह 07 बजे तक साप्ताहिक बन्दी करने के निर्देश दिये है। इस अवधि में केवल स्वच्छता, सैनिटाइजेशन और आपातकालीन सेवाओं ही संचालित रहेंगी तथा जागरूकता कार्य भी किए जायेंगे। प्रदेश के सभी जिलों में, ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता, सैनिटाइजेशन और फॉगिंग का कार्य अभियान के रूप में संचालित किया जायेगा। आमजन को भी इन कार्यों की महत्ता से अवगत कराया जायेगा। उन्होंने बताया कि रविवार को घोषित साप्ताहिक बन्दी कोविड संक्रमण के प्रसार को न्यूनतम रखने के लिए लागू किया जा रहा है। सभी जनपदों में इसे प्रभावी बनाया जाए। इस अवधि में पूर्व निर्धारित परीक्षाएं हो सकेंगी। अभ्यर्थी प्रवेश पत्र दिखाकर आवागमन कर सकेंगे। सार्वजनिक परिवहन आधी क्षमता के साथ संचालित किए जाएं। साप्ताहिक बन्दी के दौरान औद्योगिक इकाइयों को बन्दी से छूट होगी। उन्होंने बताया कि साप्ताहिक बन्दी के दौरान शादी-विवाह आदि के पूर्व निर्धारित कार्य कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए सम्पन्न होंगे। बंद हॉल में अधिकतम 50 एवं खुले मैदान पर होने वाले आयोजनों में अधिकतम 100 लोग ही उपस्थित हो सकते हैं। इस आदेश का सख्ती से पालन कराया जायेगा। गृह विभाग ने इस सम्बन्ध में विस्तृत आदेश भी जारी किया है।

श्री सहगल ने बताया कि सभी जिलों में डेडिकेटेड कोविड हॉस्पिटल की संख्या बढ़ाई जा रही है। एल-2 व एल-3 स्तर के अस्पतालों की संख्या में लागातर बढ़ोतरी जा रही है। कहीं भी बेड की कमी कतई न हो। अस्पतालों में प्रशिक्षित मानव संसाधन की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। चिकित्सा शिक्षा मंत्री के स्तर से इस व्यवस्था की मॉनिटरिंग की जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी अधिकृत निजी एवं सरकारी प्रयोगशालाओं में कोविड टेस्ट का कार्य पूरी क्षमता से किया जाए। कल निजी प्रयोगशालाओं में 19 हजार से अधिक टेस्ट किये गए तथा लगभग 90,000 सैम्पलों की जांच आरटीपीसीआर के माध्यम से की गयी है। कोविड टेस्ट के लिए निजी प्रयोगशालाओं का पूरा प्रयोग किया जा रहा है। सरकारी स्तर पर एकत्रित सैम्पल निजी प्रयोगशालाओं को भी भेजा जायेगा। उन्होंने लोगों से किसी प्रकार की अफवाह में न आने की अपील की है। किसी भी प्रकार की सूचना पर यकिन बिना किसी पुष्टि या सत्यापन के बिना न करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोविड संक्रमण को नियत्रित करने हेतु हर किसी व्यक्ति का सहयोग बहुत ही जरूरी है। प्रदेश में 45 वर्ष से अधिक लोगों का वैक्सीनेशन चल रहा है। इसमें पात्र व्यक्ति आगे आकर अपना वैक्सीनेशन आवश्यक करवाये।

श्री सहगल ने बताया कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के लिए कृतसंकल्प है और किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उनकी फसल को खरीदे जाने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद किये जाने हेतु 6000 क्रय केन्द्र स्थापित किये गये हैं। उन्होंने बताया कि एक नई व्यवस्था के तहत कृषक उत्पादक संगठनों (एफ0पी0ओ0) को भी क्रय केन्द्र खोलने की अनुमति दी गयी है। उन्होंने बताया कि किसान उत्पादक संगठन 150 केन्द्रों के माध्यम से संचालित किया जायेगा। उन्होंने जिलाधिकारियों के द्वारा कृषक उत्पादक संगठनों (एफ0पी0ओ0) को भी क्रय केन्द्रों से जोड़कर गेहूं क्रय का कार्यक्रम शुरू कर दिया गया है। यह व्यवस्था प्रदेश में पहली बार हो रही है। 01 अप्रैल से 15 जून, 2021 तक गेहू खरीद का अभियान जारी रहेगा। गेहू क्रय अभियान में अब तक 2,98,050.77 लाख मी0 टन से अधिक गेहूं खरीदा गया है।

      अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्री अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में बड़ी संख्या में टेस्टिंग का कार्य करते हुए, टेस्टिंग की क्षमता निरन्तर बढ़ायी जा रही है। गत एक दिन में कुल 2,15,790 सैम्पल की जांच की गयी। प्रदेश में अब तक कुल 3,80,29,865 सैम्पल की जांच की गयी है। इसमें लगभग 90,000 सैम्पलों की जांच आरटीपीसीआर के माध्यम से की गयी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना सेे संक्रमित 27,357 नये मामले आये है। प्रदेश में 1,70,059 कोरोना के एक्टिव मामले में से 86,959 लोग होम आइसोलेशन में हैं। अन्य मरीज सरकारी व निजी चिकित्सालयों में इलाज भी करा रहे हैं। प्रदेश में सर्विलांस टीम के माध्यम से 2,08,272 क्षेत्रों में 5,40,836 टीम दिवस के माध्यम से 3,24,93,635 घरों के 15,73,55,586 जनसंख्या का सर्वेक्षण किया गया है। प्रदेश में 45 वर्ष सेे अधिक आयु वालों का कोविड वैक्सीनेशन किया जा रहा है। अब तक 89,97,344 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज दी गयी तथा पहली डोज लेने वालों में से 15,64,777 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज दी गयी हैं। इस प्रकार कुल 1,05,62,121 वैक्सीन की डोज लगायी जा चुकी है।

श्री प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में कोविड संक्रमण के बढ़ते केस को देखते हुए जनरल ओ0पी0डी0 स्थागित कर दी गयी है। इस अवधि में मुख्यमंत्री आरोग्य मेला स्थागित कर दिया गया है। आकस्मिक सेवा चालू रखी गयी है। जिसमें गर्भवती महिला तथा छोटे बच्चों का इलाज शामिल है। उन्होंने बताया कि जिन लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज ले ली है। वे समय आने पर अपनी दूसरी डोज आवश्यक ले। उन्होंने बताया कि प्रदेश के बाहर से आने वाले लोगों के लिए कोविड प्रोटोकल जारी किया गया है। जिसके अनुसार प्रदेश के बाहर से आने वाले लोग लक्षणयुक्त होने पर घर में 14 दिन तथा बिना लक्षणयुक्त वाले लोगों को 7 दिन घर में ही व्यतीत करना है। इसके अलावा यदि प्रदेश के बाहर से आने वाले व्यक्ति की कोविड टेस्ट रिपोर्ट पांजीटिव आने पर उसे आवश्यक अनुसार अस्तापल में या होम आइसोलेशन में रखा जायेगा। उन्होंने बताया कि बाहर से आने वाले लोग कोविड प्रोटोकल का पालन कर रहे है, इसकी देखरेख तथा सहयोग मौहल्ला/ग्रामीण निगरानी समिति करेंगी।

  श्री प्रसाद ने लोगों से अपील है कि माॅस्क का प्रयोग अनिवार्य रूप से करे, सैनेटाइजर व हाथ साबुन से अवश्य धोते रहे। उन्होंने बताया कि संक्रमण अभी समाप्त नहीं हुआ है इसलिए विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। टीकाकरण के बाद भी कोविड प्रोटोकाॅल का पालन अवश्य करें। अपने हाथ को साबुन-पानी से निरन्तर धोते रहें। भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें। उन्होंने कहा कि घर के बड़े-बुजुर्गों का टीकाकरण अवश्य कराएं।

Related Articles

Back to top button