देश-विदेश

बिहार के इन इलाकों में आज होगी बारिश, झारखंड और बंगाल तक दिख रहा प्रतिचक्रवात का असर

पटना: बिहार का मौसम तेजी से बदल रहा है। पिछले दो दिनों से प्रदेश में धूप से लोगों को काफी राहत मिल रही है। शनिवार को राजधानी में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अब रविवार को प्रदेश के पश्चिमी भाग के मौसम में व्यापक बदलाव के संकेत है।

रविवार को राज्य के पश्चिमी इलाके में आकाश में बादल छाने के साथ-साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम का यह मिजाज सोमवार तक बना रह सकता है। सहरसा का अगवानपुर शनिवार को राज्य का सर्वाधिक ठंडा दिन रहा, वहां पर न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। राज्य के कुछ हिस्सों में सुबह कोहरा छाने के भी आसार है। पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के मौसम विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि मौसम में बदलाव सामान्य व स्वाभाविक प्रक्रिया है।

दक्षिण बिहार में बना है प्रति चक्रवात

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि वर्तमान में दक्षिण बिहार में प्रतिचक्रवात बना हुआ है। उसका प्रभाव दक्षिण बिहार से लेकर झारखंड होते हुए पश्चिम बंगाल तक फैला है। उसका असर राज्य के दक्षिण-पश्चिम हिस्से पर पड़ सकता है। तीन दिन बाद प्रतिचक्रवात का असर खत्म हो जाएगा।

राजधानीवासियों ने लिया धूप का आनंद

राजधानीवासियों ने शनिवार को छत पर धूप का खूब आनंद लिया। राजधानी में सुबह सात बजे ही अच्छी धूप निकली। फिलहाल पार्क आदि बंद होने के कारण लोगों ने अपने घरों में ही धूप का आनंद लिया।

डिस्क्लेमरः यह जागरण न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ यूके न्यूज 360 टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.

Related Articles

Back to top button