देश-विदेश

बस नदी में गिरने से चौबीस लोगों की मौत, मृतकों में तीन बच्चे और ग्यारह महिलाएं शामिल

जयपुर: राजस्थान में बूंदी जिले के लाखेरी थाना क्षेत्र में पापड़ी गांव के पास आज सुबह एक बस के नदी में गिर जाने से तीन बच्चों एवं ग्यारह महिलाओं सहित 24 लोगों की मौत हो गई तथा अन्य पांच घायल हो गये।

पुलिस के अनुसार ये लोग कोटा से सवाईमाधोपुर एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे कि सुबह करीब साढ़े नौ बजे क्षेत्र के पापड़ी गांव के पास कोटा-लालसोट मेगा हाइवे पर उनकी बस पुल पर अनियंत्रति होकर मेज नदी में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरु कर नदी से लोगों को बाहर निकाला, तब तक चौबीस लोगों ने दम तोड़ दिया। मृतकों में तीन बच्चे तथा ग्यारह महिलाएं शामिल है। हादसे में गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को कोटा अस्पताल भेजा गया। बस में तीस लोग सवार थे। जिला प्रशासन ने राज्य सरकार की ओर से दुर्घटना में प्रत्येक मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से दो-दो लाख रूपये की सहायता देने की घोषणा की गयी है। हादसे पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गहरा दुख जताया है।

श्री गहलोत ने इस पर दुख जताते हुए कहा कि उन्हें बूंदी जिले में हुए दुखद हादसे के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ है, जिसमें चौबीस लोगों की बस के नदी में गिर जाने से जान चली गई। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं जताई, जिन्होंने इस त्रासदी में अपने प्रियजनों को खो दिया। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। हादसे पर उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी दुख प्रकट करते हुए कहा कि बूंदी के लाखेरी क्षेत्र में यात्रियों से भरी बस नदी में गिरने से हुए हादसे में कई लोगों की मृत्यु एवं घायल होने की खबर हृदय विदारक है। इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। Source रॉयल बुलेटिन

Related Articles

Back to top button