उत्तराखंड समाचार

आधी आबादी का जागरूक होना जरूरी

विकासनगर: वॉरियर्स ग‌र्ल्स ग्रुप की ओर से हरबर्टपुर में आयोजित स्वरोजगार व महिला सशक्तीकरण से राष्ट्र का विकास संभव शिविर के समापन पर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। समाज में महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। दो दिनों तक चले शिविर में ग्रामीण परिवेश की 60 महिलाओं को स्वरोजगार के गुर भी सिखाए गए।

ग्रुप की अध्यक्ष रिहाना सिद्दीकी ने कहा कि देश की आधी आबादी को हर हाल में जागरूक होना होगा। तभी वे अपने अधिकार को बेहतर तरीके से जान पाएंगी। साथ ही उनके लिए बनाए गए कानून की पूरी जानकारी भी होगी। वे अपनी आवाज को बुलंद कर पाएंगी। कहा कि यह अच्छे संकेत हैं कि महिलाएं हर क्षेत्र में आगे आकर नाम रोशन कर रही हैं। यह आने वाले समय के शुभ संदेश हैं। महिलाओं को आज हर मोड़ पर अपनी पहचान बनाने के लिए सरकार भरपूर सहयोग कर रही है। इसका लाभ उठाकर एक सशक्त समाज का निर्माण करना चाहिए। कहा कि महिला का अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना और शिक्षित होना दोनों अनिवार्य हैं। अगर महिला अपने अधिकारों से परिचित है तो भी वह सशक्त हो, यह आवश्यक नहीं है। जब तक वह जागरूक नहीं है तब तक सशक्त नहीं है। हमारे आस-पास ऐसी भी महिलाएं हैं, जो शिक्षित भी हैं और उन्हें अपने अधिकारों की जानकारी भी है। फिर भी घरेलू ¨हसा और दहेज उत्पीड़न की शिकार हैं। बताया कि जागरूक होना अति आवश्यक है और जागरूकता न सिर्फ अपने और अपने अधिकारों के लिए हो, बल्कि अपने आस-पास के समाज और दूसरों के हित के लिए भी हो। इससे पूर्व दो दिनों तक चले शिविर में ग्रामीण परिवेश की महिलाओं को स्वरोजगार के गुर बताने के साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना सहित नगर पालिका क्षेत्र में चल रही सरकारी योजनाओं की जानकारी मुहैया कराई गई। इस दौरान प्रीति सैनी, नेहा चौरसिया, संगीता, अंजू, शबनम, वंदना, अलका, शाइमा, सुनीता नौटियाल, गुलनवाज आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button