उत्तराखंड समाचार

उत्‍तराखंड सरकार की उपलब्धियों में उच्च शिक्षा का भी बड़ा योगदान

देहरादून। उत्तराखंड में बीते करीब पांच वर्षों में उच्च शिक्षा में प्रदर्शन से सरकार का मनोबल बढ़ा है। खासतौर पर सरकारी डिग्री कालेजों की हालत सुधारने के लिए बड़ी पहल की गई है। चालू वित्तीय वर्ष के आखिर तक दो दर्जन सरकारी डिग्री कालेजों को अपने भवन मिल जाएंगे। भवन निर्माण पर सरकार ने 300 करोड़ खर्च किए हैं।

चुनावी साल में सरकार अपनी उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जा रही है। विभिन्न कल्याणकारी व विकास योजनाओं के रूप में सरकार अपने कार्यों को गिना रही है। इस कड़ी में उच्च शिक्षा मंत्री डा धन सिंह रावत ने भी विभाग की उपलब्धियों को गिनाया है। दरअसल, राज्य में 2017 के बाद बनी भाजपा सरकार के कार्यकाल में उच्च शिक्षा में डबल इंजन का दम साफतौर पर दिखाई दिया है। बीते चार वर्षों में राज्य को केंद्र पोषित राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) के तहत बड़ी धनराशि प्राप्त हुई। इससे कई नए कालेजों की स्थापना तो संभव हुई, साथ में दो दर्जन डिग्री कालेजों को अपना भवन मिल पाया है।

इससे पहले ये कालेज किराये के भवनों या नजदीकी सरकारी भवनों के दड़बेनुमा कमरों में संचालित किए जा रहे थे। उच्च शिक्षा मंत्री डा धन सिंह रावत ने बताया कि कालेज भवनों के निर्माण कार्यों पर करीब 300 करोड़ खर्च किए गए हैं। इनमें रूसा के अंतर्गत 150 करोड़ की राशि का उपयोग किया गया है। राज्य सेक्टर में 142 करोड़ की राशि खर्च की गई है। रूसा के तहत ही उच्च शिक्षा मंत्री के विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर को भी कई तोहफे मिले हैं। राज्य का एकमात्र सरकारी व्यावसायिक डिग्री कालेज उनके क्षेत्र के अंतर्गत पैठाणी में खोला गया है। इसीतरह खिर्सू में नया सरकारी डिग्री कालेज खोला गया है। पाबौ एवं आसपास के डिग्री कालेजों के भवनों का निर्माण कार्य चल रहा है।

Related Articles

Back to top button