देश-विदेश

जापान : चेरी ब्लॉसम का ऐसा अद्भुत आकर्षण नहीं मिलेगा कहीं देखने को

जापान में वसंत का मौसम पर्यटकों के लिए बेहद खास होता है, क्योंकि यहां मार्च-अप्रैल के महीने में हर तरफ ‘चेरी ब्लॉसम’ का खास आकर्षण होता है। ‘चेरी ब्लॉसम’ को जापान में ‘सकूरा’ के नाम से भी जाना जाता है। यह जापान का राष्ट्रीय फूल है और इसे खिलते हुए देखना अपने आप में वाकई यादगार अनुभव है। यहां के लोग इसे एक त्योहार के रूप में सेलिब्रेट करते हैं, जिसे ‘हनामी त्योहार’ कहा जाता है। इस फूल को आशा का प्रतीक भी माना जाता है। हर साल यह वसंत के आगमन की सूचना देता है। यह फूल मार्च से अप्रैल के मध्य में खिलता है। जब चेरी ब्लॉसम फूल खिलने लगे, तो समझ लीजिए कि वसंत आ गया है। ऐसे में यहां के लोग अपनी खुशी को व्यक्त करने के लिए इस त्योहार को धूमधाम से मनाते हैं।

गोल्डन पैवेलियन
जापान में चेरी ब्लॉसम देखने के लिए कई सुंदर स्थल हैं, जहां पर इस सीजन में पर्यटकों की भीड़ लगी रहती है। इन्हीं में से एक प्रमुख स्थल है, राजधानी क्योटो स्थित किन्काकू-जी, जिसे गोल्डन पैवेलियन भी कहा जाता है।
यहां आकर चेरी ब्लॉसम को देखना एक सुखद एहसास देता है। हर साल बड़ी संख्या में दर्शका यहां खिंचे चले आते हैं। सिर्फ क्योटो ही नहीं, बल्कि उसके अलावा कई ऐसे दर्शनीय स्थल हैं, जहां पर ये फूल बहुतायत में पाए जाते हैं। यहां घूमने-फिरने व जापान की संस्कृति से रूबरू होने के अलावा पर्यटक इस खूबसूरत घटना के गवाह भी बनते हैं। वैसे आप जापान की राजधानी टोक्यो से चेरी ब्लॉसम ट्री देखने की शुरुआत कर सकते हैं। यहां अगर आप चेरी ब्लॉसम देखने जा रहे हैं, तो 26 मार्च से 11 अप्रैल के बीच जाना सही होगा।

यूनो पार्क
टोक्यो के बाद आप यूनो पार्क जा सकते हैं। यहां आसानी से पहुंचा जा सकता है। यहां करीब 8800 प्रजातियों के पेड़ लगे हुए हैं, जिनमें चेरी ब्लॉसम ट्री भी शामिल हैं। इन्हें देखने के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं। यहां आकर आप यूनो जू, टोक्यो नेशनल म्यूजियम और नेशनल म्यूजियम ऑफ नेचर एेंड साइंस आदि भी देख सकते हैं।

नारा
यदि आप जापान जाएं तो नारा जरूर जाएं। यहां चेरी ब्लॉसम देखने के लिए सबसे सही समय 28 मार्च से 11 अप्रैल के बीच का है। यह जापान का सबसे पुराना इलाका है। यहां आपको सबसे ज्यादा यूनेस्को की वर्ल्‍ड हेरिटेज जगहें देखने को मिलेंगी।

अद्भुत है नारा पार्क
यह चेरी ब्लॉसम देखने के लिए बेहतरीन पार्क है। यहां पर आपको बड़ी संख्या में हिरण भी देखने को मिलेंगे। ये हिरण पर्यटकों के बीच खासे लोकप्रिय हैं जो इन्हें कुछ न कुछ खिलाते रहते हैं। चेरी ब्लॉसम के सीजन में पार्क में जाने वाले लोग सकूरा ट्री के साथ इन हिरणों के बीच भी अपना समय गुजार सकते हैं। बड़ों की बात छोड़िए, यह नजारा बच्चों के लिए भी बेहद खास होता है और वे इन हिरणों के बीच मस्ती करते हुए काफी अच्छा समय गुजारते हैं।

हनामी महोत्सव
जापान में हनामी त्योहार धूमधाम से मनाया जाता है। इस त्योहार को मनाने के लिए कई तरह के पकवान और राइस वाइन तैयार की जाती है। चेरी ब्लॉसम सीजन के दौरान पार्कों में बहार आ जाती है और ये फूलों के साथ लोगों से भी गुलजार रहते हैं। हनामी जापान का मशहूर और काफी पुराना त्योहार है। माना जाता है कि तीन शताब्दियों से यह इसी तरह से मनाया जा रहा है। हनामी से जुड़ा एक और रोचक तथ्य यह भी है कि जब इसे रात में मनाया जाता है, तो इसे योजाकूरा के नाम से जाना जाता है, जिसका मतलब नाइट सकूरा होता है। इस मौके पर कागज की लालटेन बनाई जाती हैं और उन्हें रोशनी के लिए पेड़ों पर टांग दिया जाता है। जापान के
लोग चेरी ब्लॉसम के इतने शौकीन होते हैं कि वे इसे अपनी आइसक्रीम तक में डालते हैं। इसके अलावा, विभिन्न
एडवर्टाइजिंग कैंपेन में भी इनका इस्तेमाल किया जाता है। इतना सब होने के बावजूद भी आपको यह जानकर काफी आश्चर्य होगा कि ‘चेरी ब्लॉसम कैपिटल ऑफ द वर्ल्‍ड’ का दर्जा जापान के किसी शहर को हासिल नहीं है, बल्कि यह टाइटल जॉर्जिया (यूएसए) के मैकन के नाम है, जहां पर सकूरा पेड़ों की संख्या तीन लाख के करीब हैं।

 

Related Articles

Back to top button