अपराध

दहेज के लिए बहू को पिलाया जहर

खटीमा : दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने बहू को जबरन जहर पिला दिया। मायके वालों ने उसे गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इधर, उसकी मां ने दोषी ससुरालियों के खिलाफ पुलिस में तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले की सैल्हा कालोनी की उलाती देवी ने तहरीर में बताया कि उसकी पुत्री प्रीति का विवाह तीन वर्ष पूर्व अमाऊं गांव के एक युवक से हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद ही ससुराली उसकी पुत्री को कम दहेज लाने के लिए प्रताड़ित करने लगे। आए दिन उसके साथ मारपीट की जाने लगी। ससुराली दहेज में बाइक, सोने की चेन व कलर टीवी की मांग कर रहे हैं। मांग पूरी न होने पर पिछले दिनों जेठ व जेठानी ने उसे बुरी तरह मारा-पीटा। इतना ही नहीं दराती से उस पर वार भी किया। बचाव करने पर पुत्री के चेहरे व हाथ में चोट आई। महिला का आरोप है कि सोमवार को ससुरालियों ने फिर उसकी पुत्री के साथ मारपीट व गाली-गलौज की। विरोध करने पर ससुरालियों ने उसकी पुत्री को जबरन जहर पिला दिया। इसकी सूचना मिलते ही वह पुत्री के ससुराल पहुंची और उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। महिला ने आरोपी ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

 

Related Articles

Back to top button