उत्तराखंड विकास खण्डउत्तराखंड समाचार

दून में बनेगी देश की चौथी साइंस सिटी

देहरादून: दून में देश की चौथी साइंस सिटी की स्थापना की जाएगी। अब तक गुजरात, कोलकाता व पंजाब में ही साइंस सिटी की स्थापना की गई है। सेंट्रल हिमालयन एन्वायरनमेंट एसोसिएशन (चिया) की कार्यशाला में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने यह जानकारी देते हुए कहा कि केंद्र सरकार साइंस सिटी खोलने की सैद्धांतिक सहमति दे चुका है और इसके लिए जमीन की खोज भी जल्द पूरी कर ली जाएगी। प्रयास हैं कि विज्ञान धाम को अपग्रेड कर साइंस सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा और इसके लिए पास की जमीन का अधिग्रहण भी किया जा सकता है।

मंगलवार को झाझरा स्थित विज्ञान धाम में आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने यह भी कहा कि राज्य में ग्रीन रोड की दिशा में भी प्रभावी पहल की जाएगी। जलवायु परिवर्तन के खतरों और उससे निपटने के उपायों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही देहरादून में हिमालयी राज्यों के मुख्यमंत्रियों व केंद्रीय मंत्रियों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विषय से संबंधित दो पुस्तिकाओं का विमोचन भी किया। कर्णप्रयाग के विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने जलवायु परिवर्तन के प्रभावों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे कृषि पर विपरीत असर पड़ रहा है, जल स्रोत सूख रहे हैं और फल समय से पहले ही पक जा रहे हैं। वहीं, देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि छात्र जीवन से ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरुकता जरूरी है। चिया के अध्यक्ष प्रो. एसपी सिंह ने जलवायु परिवर्तन के विभिन्न आंकड़े प्रस्तुत करते हुए संतुलित विकास पर बल दिया। यूकॉस्ट के महानिदेशक डॉ. राजेंद्र डोभाल ने मुख्यमंत्री की पहल को शुभ बताते हुए कहा कि राजनीतिक सहयोग से राह को आसान बनाया जा सकता है। कार्यशाला में गोविंद बल्लभ पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण एवं सतत विकास संस्थान अल्मोड़ा के निदेशक डॉ. पीप ध्यानी, वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. डीपी डोभाल, डॉ. सिरीश सिन्हा, डॉ. पंकज तिवारी, डॉ. राजेश थड़ानी आदि उपस्थित रहे।

  • संपादक कविन्द्र पयाल

Related Articles

Back to top button