उत्तराखंड समाचार

देहरादून में तेंदुए की खाल के साथ वन गूर्जर गिरफ्तार

देहरादून : क्लेमेनटाउन पुलिस ने तेंदुए की खाल बेचने जा रहे वन गूर्जर को दबोच लिया। पुलिस को उसके मोबाइल से चार और संदिग्धों के बारे में पता चला है, जो वन्य जीव अंगों की तस्करी में लंबे समय से संलिप्त हैं। इन चारों के खिलाफ भी जांच शुरू कर दी गई है।

एसपी सिटी पीके राय के अनुसार कई दिनों से मुखबिर तंत्र से सूचना मिल रही थी मोथरोवाला में वन्य जीव अंगों की तस्करी करने वाला एक गिरोह सक्रिय है। सोमवार को पुलिस ने वन विभाग के साथ इलाके में चेकिंग की तो क्लेमेनटाउन में नौका पुल से पहले बड़कली रोड पर एक व्यक्ति बोरे में कुछ लेकर आता दिखा।

रोके जाने पर वह बोरा छोड़कर भागने लगा। हालांकि, उसे पकड़ लिया गया। बोरे में तेंदुए की खाल मिली। व्यक्ति की पहचान इब्राहिम उर्फ मिट्ठी पुत्र लियाकत अली निवासी आशारोड़ी हाल पता मोथरोवाला नेहरू कॉलोनी के रूप में हुई। खाल की लंबाई 82 इंच और चौड़ाई 52 इंच है। यह दो से ढाई माह पुरानी बताई जा रही है।

जांच में पता लगा है कि तेंदुए का शिकार गैंडीखाता के जंगलों में किया गया। खाल में पूछ की तरफ घाव के निशान भी हैं। इब्राहिम वन गुर्जर है और इसकी आड़ में वन्य जीव अंगों की सप्लाई करता था। आरोपी को वन्य जीव जंतु संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।

नेपाल भेजने की फिराक में था खाल

पुलिस अभिरक्षा में इब्राहिम ने कई बार अपना बयान बदला। वहीं, पत्रकार वार्ता के दौरान उसने कहा कि पुलिस उसे झूठा फंसा रही है। एसपी सिटी ने बताया कि इब्राहिम बेहद शातिर है। वह नेपाल के किसी शख्स को खाल बेचने की फिराक में था। जिसके लिए बातचीत चल रही थी। मोबाइल की कॉल रिकार्ड से पता चला कि उसके साथ चार लोग और हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

 

Related Articles

Back to top button