उत्तर प्रदेश

नगर विकास मंत्री ने नगर निगम मुख्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया तथा अनुपस्थित चार कर्मियों के एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए

उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने नगर निगम मुख्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 04 कर्मियों को गैर हाजिर पाये जाने पर उनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने नगर निगम के सभी पटलों पर जाकर हर एक कक्ष का भी निरीक्षण किया और सफाई व्यवस्था में और सुधार लाने के निर्देश दिये।
श्री नगर विकास मंत्री आज प्रातः 10 बजकर 20 मिनट पर लखनऊ के नगर निगम मुख्यालय पहुंचे थे। सर्वप्रथम उन्होंने पेंशनर कक्ष का निरीक्षण किया और वहां कि समस्त व्यवस्था संतोषजनक पाई गयी। टैक्स विभाग के एक कर्मी श्री पवन तिवारी को अनुपस्थित पाये जाने पर उनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिये। इसी प्रकार एक अन्य कर्मी श्री मोहसिन रजा का भी एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिये।
श्री खन्ना ने विधि विभाग का निरीक्षण किया और वहां सभी कर्मी मौजूद पाये गये। इसी प्रकार उन्होंने प्रचार विभाग का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जो गैंग कुली फील्ड ड्यूटी पर रहते हैं उनकी भ्रमण पंजिका तैयार करायी जाय। इसके साथ ही जो कर्मी दूसरी जगह पर अटैच किये गये हैं उनका पूरा लेखा-जोखा रखा जाय। उन्होंने लापरवाही पाये जाने पर एक इंचार्ज एवं वरिष्ठ सहायक तरूण गुप्ता का स्पष्टीकरण प्राप्त किये जाने के आदेश दिये।
नगर निगम मुख्यालय में सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई लेकिन कुछ कक्षों में धूल आदि पाये जाने पर सफाई सुपरवाईजर का स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिये। उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि सभी कक्षों में नियमित सफाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। सामान्य सफाई करने वाले दो चतुर्थ श्रेणी कर्मियों के कार्य में लापरवाही पाये जाने पर उनका एक-एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। साथ ही सफाई इंचार्ज का स्पष्टीकरण काॅल करने को कहा।
अन्त में श्री खन्ना ने जोन एक के नामान्तरण सेक्सन का निरीक्षण किया वहां 07 कर्मचारी बी.एल.ओ. ड्यूटी पर जाने की सूचना दी गई। उन्होंने ऐसे कर्मियों का पूरा लेखा-जोखा रखने के निर्देश दिये। आज जिन कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिये गये हैं इससे उनकी सेवा में कोई व्यवधान नहीं माना जायेगा। निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव नगर विकास श्री कुमार कमलेश, नगर आयुक्त श्री उदय राज सिंह के साथ ही सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button