उत्तर प्रदेश

निकाय चुनाव के परिणाम सीएम योगी आदित्यनाथ की अग्निपरीक्षा के नतीजे

लखनऊ  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की कुर्सी संभालने के बाद निकाय चुनाव को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अग्निपरीक्षा के रूप में देखा जा रहा है। आज उनकी इसी अग्निपरीक्षा का परिणाम आ रहा है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने निकाय चुनाव को बड़ी चुनौती के रूप में लेकर जमकर प्रचार भी किया था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहली अग्निपरीक्षा के रूप में देखा जा रहे निकाय चुनाव के परिणाम आज सभी के सामने होंगे। तीन चरणों में संपन्न निकाय चुनाव को प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में काबिज भारतीय जनता पार्टी के लिए 2019 लोकसभा चुनाव से पहले की भी परीक्षा के रूप में देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस चुनाव को बेहद गंभीरता से लिया है। सूबे में पहली बार ऐसा हुआ कि किसी मुख्यमंत्री ने निकाय चुनावों में 40 से ज्यादा चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इनके साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय तथा दोनों डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा व केशव प्रसाद मौर्या भी हर मोर्चे पर डटे रहे। योगी कैबिनेट के मंत्रियों ने भी अपने क्षेत्रों में मोर्चा संभाल रखा था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए नगर निकाय चुनाव के परिणाम हर लिहाज से अहम होंगे। निकाय चुनाव के परिणाम अगर पार्टी के पक्ष में आए तो भारतीय जनता पार्टी इसका प्रयोग गुजरात विधानसभा चुनाव में विपक्ष पर पलटवार करने के लिए करेगी।

उधर समाजवादी पार्टी की तरफ से सिर्फ प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम और कांग्रेस की तरफ से राजबब्बर ही प्रचार करते नजर आए।

बहुजन समाज पार्टी पहली बार निकाय चुनाव में उतरी लेकिन किसी बड़े नेता ने प्रचार में जाने की जहमत नही की। पार्टी की मुखिया मायावती ने प्रत्याशियों को लखनऊ में संबोधित करने के बाद सीधा दिल्ली का रुख कर लिया।

Related Articles

Back to top button