उत्तराखंड समाचार

पीसीएस टॉपर सौम्या गुरुरानी की पेंटिंग में छिपा है पहाड़ का जीवट

अल्‍मोड़ा : पीसीएस में टॉप के साथ आइएएस परीक्षा में सफलता पाने वाली पहाड़ की बेटी सौम्या मेधावी होने के साथ कला प्रेमी भी है। उन्हें पेंटिंग का बेहद शौक है, शायद इसीलिए वह तूलिका से शानदार व बोलती पेंटिग उकेरने में सक्षम है। पेंटिंग ऐसी, जिनसे पहाड़ का जीवट और कुछ करने पीड़ा साफ उजागर होती है।

आइएएस व पीसीएस में एक साथ सफलता पाकर अल्मोड़ा की सौम्या गुरुरानी ने साबित कर दिया कि पहाड़ के सामान्य परिवारों में भी प्रतिभाएं छिपी हैं। सौम्या की बचपन से ही पढ़ाई के साथ पेंटिंग में खासी दिलचस्पी रही है। शौक के तौर पर पेंटिंग करने वाली सौम्या के हाथ अब मनमोहक पेंटिंग उकेरने में पूरी तरह सक्षम हैं। तूलिका से उन्होंने कई पेंटिंग उकेरी हैं, जो घर की दीवारों में उनकी इस मेधा को उजागर कर रही हैं।

उनकी पेंटिंग पहाड़ की महिलाओं व पहाड़ के नैसर्गिक सौंदर्य पर ज्यादा केंद्रित हैं। जो उनके पहाड़ की महिलाओं की पीड़ा व पहाड़ प्रेम को इंगित करता है। एक मुस्कान बिखेरती पहाड़ की महिला की पेंटिंग के बारे में पूछने पर उन्होंने बताया कि पहाड़ की महिलाएं मेहनतकश होती हैं और कई पीड़ा सहतीं हैं।

इसके बावजूद खुशनुमा अंदाज में रहकर पीड़ा को छिपाने का प्रयास करती हैं। ऐसे ही पहाड़ के नैसर्गिक सौंदर्य को दर्शाती कई चीजें उनकी पेंटिंग का हिस्सा हैं। सौम्या को जानवरों से भी बेहद प्यार है। कुत्ते, पक्षी इत्यादि भी उनकी पेंटिंग में शामिल हैं। वह कहती हैं कि इंसान की सोच सदैव सकारात्मक होनी चाहिए। मन के भाव ही पेंटिंग में उजागर होते हैं।  ऐसा ही उनके साथ भी है।

सफलता से न हों मायूस, आगे बढ़ें: सौम्या

सौम्या का विद्यार्थियों व युवाओं के लिए संदेश है कि असफलता से मायूस नहीं होना चाहिए। बल्कि सबक लेकर आगे बढ़ने की ललक होनी चाहिए। एक-दो बार असफलता मिलने से हताश होकर बैठ जाना बुद्धिमता नहीं है, बल्कि प्रयास व लगन सदैव जारी रखनी चाहिए। सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने अपना उदाहरण देते हुए बताया कि उन्होंने वर्ष 2014 में पहली बार और वर्ष 2015 में दूसरी बार आइएएस की प्रारंभिक व मुख्य परीक्षा दी। मगर पूरी तरह सफलता नहीं मिली। मगर वर्ष 2016 में तीसरी बार आइएएस की परीक्षा में सफलता मिली। यह तभी हुआ जब उन्होंने कमियां दूर करते हुए लगन व प्रयास जारी रखा।

 

Related Articles

Back to top button