उत्तर प्रदेश

भगवान श्रीकृष्ण ने कालिया नाग से दिलाई मुक्ति

जासं, पीलीभीत : गौरी शंकर मंदिर परिसर में वृंदावन के कलाकारों ने रासलीला का मंचन किया। कालिया नाग प्रसंग की लीला का मंचन किया गया। रासलीला में दिखाया गया कि किस तरह भगवान श्रीकृष्ण ने यमुना के जल में विष घोलने वाले तथा मथुरा के लोगों के लिए भय का पर्याय बन चुके कालिया नाग को परास्त किया।

रसाचार्य श्याम सुंदर शर्मा के निर्देशन में गुरुवार की रात रासलीला के मंच पर यमुना तट का दृश्य दिखाया गया। श्री कृष्ण अपने बाल सखाओं के साथ गेंद खेल रहे हैं। खेलते-खेलते गेंद अचानक यमुना में जा गिरती है। इस पर भगवान श्री कृष्ण अपनी लीला का प्रदर्शन करते हुए गेंद निकालने को यमुना नदी में घुसना चाह रहे लेकिन ग्वाल बाल उन्हें ऐसा करने से रोकने का प्रयास करते हुए बताते हैं कि इसमें कालिया नाग रहता है। वह बहुत ही खतरनाक है। पूरे मथुरा के लोगों में कालिया नाग का भय दूर करने और यमुना नदी को उसके विष से मुक्त कराने के लिए श्रीकृष्ण नदी में उतर जाते हैं और कुछ ही देर में कालिया नाग को परास्त कर देते हैं। मंचन में अनिल कुमार ने कंस और कन्हैया ने यशोदा की भूमिका निभाई। आशुतोष भारद्वाज कालिया नाग के किरदार में नजर आए। मुख्य आरती पूरनपुर के विधायक बाबूराम पासवान ने की। कार्यक्रम में प्रदीप मिश्र, लेखराज भारती, वतन दीप मिश्र, राजीव सक्सेना,संदीप, ऋषि श्रीवास्तव, नीरज, नितिन, डॉ. वरुण कपूर व पंडित जय शंकर शास्त्री का सहयोग रहा।

Related Articles

Back to top button