उत्तराखंड समाचार

भाजपा की विजय संकल्प यात्रा शनिवार से, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हरिद्वार से करेंगे रवाना

विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इस कड़ी में पार्टी सभी विधानसभा क्षेत्रों में विजय संकल्प यात्रा शुरू करने जा रही है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार को हरिद्वार से गढ़वाल मंडल की यात्रा की शुरुआत करेंगे, जबकि कुमाऊं मंडल की यात्रा 19 दिसंबर को बागेश्वर से केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर रवाना करेंगे। गढ़वाल क्षेत्र में यह यात्रा 2660 किमी और कुमाऊं में 1890 किमी का सफर तय करेगी। इस दौरान प्रदेश सरकार के पांच साल के कार्यकाल और डबल इंजन की उपलब्धियों की जानकारी आमजन को दी जाएगी।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने शुक्रवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में उक्त जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि गढ़वाल मंडल की विजय संकल्प यात्रा हरिद्वार में हरकी पैड़ी से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में शुरू होगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष वहां सभा को संबोधित करने के साथ ही हरिद्वार में रोड शो में भी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि यात्रा में गृह मंत्री अमित शाह समेत अन्य केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय नेता समय-समय पर भागीदारी करेंगे। यात्रा के दौरान सभाएं, रोड शो जैसे कार्यक्रम होंगे।

कौशिक ने कहा कि शुक्रवार को गढ़वाल मंडल के सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए सुझाव रथ भी रवाना किए गए हैं। इन रथों पर लगी एलईडी स्क्रीन पर राज्य व केंद्र सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी। रथों के माध्यम से पार्टी के दृष्टिपत्र के लिए सुझाव लिए जाएंगे। शक्ति केंद्र स्तर पर भी सुझाव पेटिका रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का दृष्टिपत्र जनता का होगा। उन्होंने बताया कि विजय संकल्प यात्रा और सुझाव रथ के माध्यम से कांग्रेस की करतूतों को भी सार्वजनिक किया जाएगा।

कांग्रेस पर साधा निशाना

कौशिक ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने डबल इंजन के काम गिना दिए हैं, क्या कांग्रेस भी अपने डबल इंजन के दौरान राज्य में हुए कार्यों का ब्योरा देगी। उन्होंने कहा कि आज स्थिति ये हो चली है कि कांग्रेस के नेताओं को अपनी पहचान बतानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राज्य के हित में कुछ नहीं किया। साथ ही सैनिकों का अपमान भी किया है। इसके लिए कांग्रेस को जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस जब भी विपक्ष में होती है, उसे राजधानी, जिला व तहसीलों के गठन की याद आती है। 10 साल सत्ता में रहते हुए उसने कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जिलों के गठन के मद्देनजर आयोग गठित किया, उसकी रिपोर्ट आने पर निर्णय लिया जाएगा।

आठ लाख से ज्यादा को रोजगार

उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने पिछले पांच साल में आठ लाख से अधिक रोजगार दिए हैं। मनरेगा आदि को भी इसमें जोड़ दें संख्या 10 लाख से अधिक होगी। उन्होंने कहा कि महंगाई पर अंकुश लगाने को भी सरकार निरंतर कदम उठा रही है। इससे पहले कौशिक ने विजय संकल्प यात्रा के पोस्टर व पुस्तिका का विमोचन भी किया।

Related Articles

Back to top button