अपराध

महिला ने सीएम की फ्लीट के आगे किया कूदने का प्रयास

देहरादून : यमुना कॉलोनी से गुजर रही मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की फ्लीट के सामने एक महिला ने कूदने का प्रयास किया। हालांकि, आसपास के लोगों ने उसे पकड़ लिया मगर इस वाकये से अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि महिला का ससुराल पक्ष से विवाद चल रहा है। इस मामले में पुलिस से शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई न होने के चलते वह आहत थी। इस घटना के बाद कैंट पुलिस महिला को लेकर थाने पहुंची, जहां उसके ससुराल पक्ष को भी बुलाया गया। कैंट पुलिस ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों से बातचीत चल रही है।

कैंट क्षेत्र निवासी उक्त महिला की शादी एक साल पहले ही हुई है। शादी के कुछ महीने बाद ही वह ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर मायके चली आई। इसके बाद शादी में दिए गए सामान को लेकर बखेड़ा खड़ा हो गया, जिसे लेकर युवती पुलिस से भी शिकायत कर चुकी है।

मगर मामले में कोई कार्रवाई न होने पर महिला गुरुवार शाम घर से निकली और यमुना कॉलोनी पहुंच गई। तभी वहां से मुख्यमंत्री का काफिला गुजरने लगा, जिसे देख महिला फ्लीट की एक गाड़ी के सामने कूदने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों ने महिला को पकड़कर किसी तरह सड़क से किनारे किया। यह देखकर मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों के भी हाथ-पांव फूल गए। कैंट इंस्पेक्टर एसएस बिष्ट ने बताया कि महिला का अपने ससुराल पक्ष से विवाद चल रहा है। मामले में दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बातचीत की जा रही है।

Related Articles

Back to top button