उत्तराखंड विकास खण्ड

सरकार राज्य में पांच नए नगर निगम बनाने की तैयारी में

देहरादून : सरकार राज्य में नगर निकायों के सीमा विस्तार के साथ ही नए नगर निगम बनाने की तैयारी में भी है। शुरुआत में राज्य के पांच शहरों को सरकार नगर पालिका परिषद से उच्चीकृत कर नगर निगम बना सकती है। शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने नए नगर निगमों के गठन के संबंध में अधिकारियों को संभावनाएं तलाशने और तमाम पहलुओं के अध्ययन के निर्देश दिए हैं।

वर्तमान में राज्य में कुल 92 नगर निकाय हैं। इनमें नगर निगमों की संख्या छह है। गढ़वाल मंडल में देहरादून, हरिद्वार व रुड़की तथा कुमाऊं मंडल में रुद्रपुर, हल्द्वानी व नैनीताल नगर निगम हैं। अब सरकार ज्यादा आबादी वाली कुछ बड़ी नगर पालिका परिषदों को नगर निगम बनाने की तैयारी कर रही है। इनमें पिथौरागढ़, कोटद्वार, श्रीनगर, ऋषिकेश व उत्तरकाशी शामिल हैं।

गौरतलब है कि ऋषिकेश को नगर निगम बनाने की घोषणा पिछली कांग्रेस सरकार के समय भी की गई थी मगर इसे अमल में नहीं लाया जा सका। बुधवार को शहरी विकास एवं आवास मंत्री मदन कौशिक ने विभागीय बैठक में प्रदेश के नगर निकायों की स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवश्यकता के अनुरूप प्रदेश में निगर निगमों की संख्या बढ़ाई जाए। इनमें पिथौरागढ़, श्रीनगर, कोटद्वार, ऋषिकेश व उत्तरकाशी प्रमुख हैं।

बैठक में कौशिक ने हरिद्वार के सौंदर्यीकरण के लिए केंद्रीय योजना के तहत हेरिटेज सिटी बनाने के लिये कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी नगर निकाय में सॉलिड वेस्ट, ड्रेनेज, सीवर, पार्किंग की व्यवस्था को मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा नगर निकाय में अच्छा कार्य करने वाले को अतिरिक्त प्रोत्साहन धनराशि देने के लिए योजना बनाई जाए।

इसमें नगर निगम के लिए एक करोड़, नगर पालिका के लिए 50 लाख और नगर पंचायत के लिए 25 लाख की धनराशि दी जाए। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक संदेश व सुविधा के लिए पंडित दीन दयाल उपाध्याय के नाम पार्क या मूर्तियां स्थापित करने के लिए कार्ययोजना बनाई जाए। बैठक में सचिव शहरी विकास राधिका झा, निदेशक शहरी विकास नवनीत पांडे मौजूद थे।

 

Related Articles

Back to top button