उत्तर प्रदेश

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से ज्यादा से ज्यादा किसानों को जोड़ा जाए: सीएम योगी आदित्यनाथ

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि किये जाने के निर्देश दिये हैं। साथ ही, कहा है कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, विकास एवं प्रबन्धन सुनिश्चित हो। ऐसे उपाए तलाशे जाएं जिनसे अन्धा-धुन्ध रासायनिक उर्वरकों के प्रयोग पर नियंत्रण लगे। कृषि उत्पादन में प्राकृतिक आपदाओं में होने वाली क्षतिपूर्ति हेतु फसल बीमा योजना का लाभ मिले। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से ज्यादा से ज्यादा किसानों को जोड़ा जाए।

मुख्यमंत्री जी आज यहां लोक भवन में कृषि विभाग के कार्याें की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसानों को समय से खाद एवं बीज की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। प्रमाणिक बीज उपलब्ध कराये जाएं। आधुनिक एवं नवीनतम तकनीक का प्रयोग करते हुए कल्याणकारी योजनाओं और खेती-किसानी के सम्बन्ध में जानकारी सहजता से किसानों तक उपलब्ध करायी जाए। पारदर्शी ढंग से कृषि रक्षा रसायनों और कृषि यंत्रों आदि को अनुदान के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि खेती की लागत में कमी, किसानों की आय में वृद्धि एवं पौष्टिक अन्न के उत्पादन के सम्बन्ध में हर सम्भव प्रयास किये जाएं।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कृषि विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाओं के अन्तर्गत किसानों को प्रदान की जाने वाली सेवाओं और सुविधाओं में पारदर्शिता हो। खेत तालाब योजना के तहत नये खेत तालाबों के निर्माण को बढ़ावा दिया जाए। बड़े तालाबों के निर्माण के भी प्रयास किये जाएं। गंगा जी के तट पर वृक्षारोपण और तालाब निर्माण की प्रक्रिया अपनायी जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान योजना में मिलने वाली शिकायतों और दिक्कतों के शीघ्रता से समाधान किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि किसानों के जीवनस्तर को उठाते हुए उनकी आय में वृद्धि किया जाना सरकार की प्राथमिकता है। कृषि क्षेत्र के विस्तार के साथ-साथ फसल उत्पादन और उत्पादकता में वृद्धि करते हुए रोजगार के नये अवसरों की सम्भावनाओं पर कार्य किया जाए।

प्रमुख सचिव कृषि श्री अमित मोहन प्रसाद ने मुख्यमंत्री जी को प्रमुख फसलों की उत्पादकता, बीज वितरण, उर्वरक व्यवस्था के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन, नेशनल मिशन आॅन एग्रीकल्चरल एक्सटेन्शन एण्ड टेक्नोलाॅजी, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, नेशनल मिशन फार सस्टेनबल एग्रीकल्चर, सोलर फोटोवोल्टइक इरीगेशन पम्प योजना, सोलर पम्प अनुदान व्यवस्था तथा पं0 दीन दयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना की प्रगति एवं लक्ष्यों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि बुन्देलखण्ड में क्षेत्राच्छादन, उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि हेतु विशेष प्रयास सुनिश्चित किये जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button