उत्तर प्रदेश

18 से 44 वर्ष वाले लोगों से अपील की है कि वे अपना पंजीकरण साॅफ्टवेयर से कराते हुए वैक्सीनेशन अवश्य कराएं: नवनीत सहगल

लखनऊ: अपर मुख्य सचिव ‘सूचना’ श्री नवनीत सहगल ने बताया कि प्रदेश में एग्रेसिव टेस्ट, ट्रैक और ट्रीट की नीति के तहत एक सप्ताह से प्रदेश में कोविड-19 के टेस्ट की निरन्तर बढ़ोत्तरी हो रही है तथा नये मामलों में कमी आ रही है। इसके साथ-साथ कोविड-19 से ठीक होने वालों की संख्या में भी बढ़ोततरी हो रही है। उन्होंने बताया कि 25 अप्रैल, 2021 को 01 लाख 86 हजार टेस्ट हुए, 35 हजार कोविड केस आये तथा 26 हजार कोविड-19 से ठीक हुए थे। 01 मई, 2021 को 02 लाख 96 हजार टेस्ट हुए, 30 हजार कोविड केस आये तथा 31 हजार कोविड-19 से ठीक हुए थे। आज 03 मई, 2021 को 02 लाख 29 हजार टेस्ट हुए, 29 हजार कोविड केस आये तथा 38 हजार कोविड-19 से ठीक हुए है।

श्री सहगल ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा 05 मई, 2021 से 09 मई, 2021 तक ग्रामीण क्षेत्रों में एक विशेष अभियान चलाकर 97 हजार राजस्व गावों में घर-घर जाकर लोगों से सम्पर्क से सम्पर्क किया जायेगा और आर0आर0टीम के द्वारा लक्षणयुक्त वाले लोगों का एन्टीजन टेस्ट किया जायेगा। उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए निगरानी समितियों के पास 10 लाख मेडिसिन किट तथा आर0आर0टीम के पास 10 लाख एन्टीजन किट होगी। इस अभियान के तहत 10 लाख एन्टीजन टेस्ट करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों मे कोविड लक्षणयुक्त लोगों की पहचान कर उनका एन्टीजन टेस्ट कराते हुए, उनकों निशुल्क मेडिसिन किट उपलब्ध कराते हुए, उनका उपचार किया जायेगा। उन्होंने बताया कि टेस्ट की रिपोर्ट और मरीज की स्थिति के आधार पर उसे होम आइसोलेशन, इंस्टिट्यूशनल क्वारन्टीन अथवा अस्पताल में इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी। होम आइसोलेशन में रखे जाने से पूर्व मरीज को मेडिकल किट दी जाए उसे जरूरी सावधानियों के बारे में विधिवत जानकारी दी जायेगी।

श्री सहगल ने बताया कि कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए सरकार सतत आवश्यक कदम उठा रही है। शुक्रवार (30 अप्रैल) रात्रि 08 बजे से मंगलवार (04 मई) प्रातः 07 बजे तक प्रदेशव्यापी साप्ताहिक बंदी प्रभावी है, इसे दो दिन और विस्तार दिया जा रहा है। अब प्रदेश में 06 मई प्रातः 07 बजे तक आंशिक कोरोना कर्फ्यू प्रभावी रहेगा। इस अवधि में आवश्यक और अनिवार्य सेवाएं सतत जारी रहेगी। दवा, सब्जी की दुकानें, औद्योगिक इकाइयां आदि सतत संचालित रहेंगी। उन्होंने बताया कि अस्पतालों में सेवारत चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ को कोविड सेवा के दिवसों के लिए वर्तमान वेतन/मानदेय का 25 फीसदी अतिरिक्त देय होगा।इसी प्रकार अन्य कोरोना वॉरियर्स के लिए भी अतिरिक्त मानदेय प्रदान किया जाएगा। यह अतिरिक्त मानदेय ड्यूटी के उपरांत इनके आइसोलेशन अवधि के लिए भी दिया जाएगा। मेडिकल/नर्सिंग अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं की सेवाएं भी कोविड सेवा कार्य में ली जाएंगी, सेवानिवृत्त स्वास्थ्य कर्मियों, अनुभवी चिकित्सकों, एक्स सर्विस मैन के अनुभवों का भी लाभ लिया जाए, उन्हें भी कोविड कार्य से जोड़ा जायेगा। उन्हांेने बताया कि कोविड पर प्रभावी नियंत्रण और आवश्यक रणनीति के लिए राज्य स्तर पर स्वास्थ्य विशेषज्ञों का एक सलाहकार पैनल तैयार किया जायेगा। यह पैनल राज्य स्तरीय टीम-09 को समय-समय पर आवश्यक परामर्श देगी। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का परामर्श रणनीति तैयार करने में उपयोगी होगा।

श्री सहगल ने बताया कि सभी अस्पतालों में अपने स्टाफ में से एक को नोडल अधिकारी नियुक्त करने के लिए कहा गया है। इन नोडल अधिकारी पर अपने अस्पताल में आने वाले कोविड मरीजों को भर्ती कराने तथा समुचित उपचार कराने की जिम्मेदारी होगी। इसके अतिरिक्त नियुक्त किये गये सेक्टर अधिकारी भी अपने क्षेत्र के अस्पतालों में निरन्तर निरीक्षण करते रहेंगे। कहीं भी, किसी भी कोविड मरीज को कोई समस्या होती है तो उसका समाधान करवायेगें। उन्होंने बताया कि होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों को मेडिसिन किट समय से उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है।

श्री सहगल ने बताया कि प्रदेश में ऑक्सीजन की प्रतिदिन बढ़ोत्तरी करते हुए आपूर्ति सुनिश्चित कराई जा रही है। इसी क्रम में 736 मी0टन आॅक्सीजन की सप्लाई की गयी है। उन्होंने बताया कि सभी सरकारी एवं निजी लगभग 300 अस्पतालों एवं मेडिकल काॅलेजों मे आॅक्सीजन प्लांट लगाने की प्रक्रिया प्रारम्भ हो गयी है। इसके अतिरिक्त सभी सीएचसी में आॅक्सीजन कंसन्ट्रेटर लगाने हेतु लगभग 21 हजार आॅक्सीजन कंसन्ट्रेटर खरीदने की प्रक्रिया हो गयी है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक सीएचसी में 2-2 आॅक्सीजन कंसन्ट्रेटर लगाये जायेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में आज 93,210 कन्टेनमेंट जोन में 1300 थाना है जिसमें 02 लाख 40 हजार कोरोना पाॅजिटिव लोग है। 02 लाख 85 हजार एक्टिव केस में से 02 लाख 33 हजार मरीज होम आइसोलेशन में है। इन आसोलेशन मरीजों को डोर-टू-डोर आवश्यक सामान तथा मेडिसिन किट उपलब्ध करायी जा रही है।

श्री सहगल ने बताया कि प्रदेश में साप्ताहिक बंदी के दौरान औद्योगिक इकाइयां बंद नहीं रखी गयी है तथा स्थानीय प्रशासन को यह कहा गया है कि वे औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले लोगों के पहचान पत्र की उनके आने-जाने के पास है। उन्होंने बताया कि 72 हजार कोविड हेल्प डेस्क औद्योगिक इकाइयों में बनाये गये है। उन्होने बताया कि जिन औद्योगि संस्थानों में 50 से अधिक कर्मचारी कार्य कर रहे है। वहां पर कोविड केयर सेंटर बनाये जाये। जिससे वहां पर कार्य करने वाले कर्मचारियों को समय से इलाज मिल सके।

श्री सहगल ने बताया कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के लिए कृतसंकल्प है और किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उनकी फसल को खरीदे जाने की प्रक्रिया कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए तेजी से चल रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद किये जाने हेतु 6000 क्रय केन्द्र स्थापित किये गये हैं। उन्होंने बताया कि एक नई व्यवस्था के तहत कृषक उत्पादक संगठनों (एफ0पी0ओ0) को भी क्रय केन्द्र खोलने की अनुमति दी गयी है। उन्होंने बताया कि किसान उत्पादक संगठन 150 केन्द्रों के माध्यम से संचालित किया जायेगा। उन्होंने जिलाधिकारियों के द्वारा कृषक उत्पादक संगठनों (एफ0पी0ओ0) को भी क्रय केन्द्रों से जोड़कर गेहूं क्रय का कार्यक्रम शुरू कर दिया गया है। यह व्यवस्था प्रदेश में पहली बार हो रही है। 01 अप्रैल से 15 जून, 2021 तक गेहू खरीद का अभियान जारी रहेगा। गेहू क्रय अभियान में अब तक 13,43,466.05 लाख मी0 टन से अधिक गेहूं खरीदा गया है। जो पिछले वर्ष से दोगुना अधिक है।

श्री सहगल ने लोगों से अपील है कि मास्क का प्रयोग करे, सैनेटाइजर व साबुन से हाथ धोते रहे तथा भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें। उन्होंने लोगों से किसी प्रकार की अफवाह में न आने की अपील की है। उन्होंने 18 से 44 वर्ष वाले लोगों से अपील की है कि वे अपना पंजीकरण साॅफ्टवेयर से कराते हुए वैक्सीनेशन अवश्य कराएं।

अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्री अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार प्रदेश में बड़ी संख्या में टेस्टिंग कार्य करते हुए, टेस्टिंग क्षमता निरन्तर बढ़ायी जा रही है। गत एक दिन में कुल 2,29,440 सैम्पल की जांच की गयी, जो कि अब तक का सर्वाधिक टेस्ट है, जिसमें से 01 लाख 29 हजार से अधिक आरटीपीसीआर में माध्यम से जांच की गई। प्रदेश में अब तक कुल 4,15,91,659 सैम्पल की जांच की गयी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना सेे संक्रमित 29,192 नये मामले आये हैं तथा 38,687 मरीज संक्रमणमुक्त हुए हैं। इस प्रकार अब तक कुल 10,43,134 से अधिक लोग कोविड संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं। प्रदेश में कुल कोरोना के एक्टिव मामलों में से 2,33,290 व्यक्ति होम आइसोलेशन तथा 8673 मरीज निजी चिकित्सालायों में हैं, इसके अतिरिक्त मरीज सरकारी चिकित्सालायों में इलाज करा रहे है।

श्री प्रसाद ने बताया कि सर्विलांस की कार्यवाही निरन्तर चल रही है। प्रदेश में अब तक सर्विलांस टीम के माध्यम से 2,48,963 क्षेत्रों में 3,40,43,104 घरों के 16,42,58,162 जनसंख्या का सर्वेक्षण किया गया है। अब तक 1,03,57,458 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज दी गई तथा पहली डोज वाले लोगों में से 23,76,640 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज दी गई। इस प्रकार कुल 1,27,34,138 वैक्सीन की डोज लगायी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 18 से 44 वर्ष वाले लोगों के साथ-साथ 45 वर्ष से अधिक आयु वालों का वैक्सीनेशन चल रहा है। जिसमें लोग बढ़-चढ़कर अपना टीकाकरण करा करे है। कोविड वैक्सीन लगाने के बाद भी कोविड प्रोटोकाॅल का पालन करे।

श्री प्रसाद ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा 05 मई से 09 मई तक ग्रामीण क्षेत्रों में फ्रंटलाइन कर्मियों द्वारा घर-घर जाकर लोगों से सम्पर्क किया जायेगा तथा कोविड लक्षण वाले लोगों को कोविड-19 की जांच हेतु प्रेरित किया जायेगा। इन कर्मियों द्वारा लक्षण युक्त लोगों को मेडिसिन किट उपलब्ध करायी जायेगी। उन्होंने बताया कि होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों को दवाइयों का पैकेट उपलब्ध कराया जा रहा है। दवाइयों का पैकेट उपलब्ध न होने पर होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीज कोविड कमाण्ड सेण्टर में फोन करके अपनी दवाइयों का पैकेट मंगा सकते हैं। जो लोग होम आइसोलेशन में हैं अगर वे डाक्टर की सलाह लेना चाहते हैं तो, वे 18001805146, 18001805145 इस हेल्पलाइन पर सम्पर्क कर सकते हैं।

श्री प्रसाद ने लोगों से अपील है कि मास्क का प्रयोग अनिवार्य रूप से करे, सैनेटाइजर व साबुन से हाथ धोते रहे। भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें। लोगों के प्रयासों एवं जागरूकता से संक्रमण दर में कमी आयी है। उन्होंने बताया कि संक्रमण अभी समाप्त नहीं हुआ है इसलिए विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। टीकाकरण के बाद भी कोविड प्रोटोकाॅल का पालन अवश्य करें।

Related Articles

Back to top button