खेल

कोपा अमेरिका: चिली ने जापान को 4-0 से हराया, एडुअर्डो वर्गास ने किए दो गोल

कोपा अमेरिका कप की डिफेंडिंग चैम्पियन चिली ने अपने पहलेमैच में जोरदार शुरुआत की है। साओ पाउलो में खेले गए टूर्नामेंट के इस मैच में चिली टीम ने एशियाई गेस्ट टीम जापान को एकतरफा मुकाबले में 4-0 से हरा दिया। चिली के लिए मेक्सिको क्लब टाइग्रेस यूएएनएल के लिए खेलने वाले एडुअर्डो वर्गास ने दो गोल किए।

इसके अलावा एरिक पुल्गार और एलेक्सिस सांचेज ने भी एक-एक गोल किए। इस जीत के साथ टूर्नामेंट में चिली की दावेदारी एक बार फिर मजबूत मानी जा रही है। टीम ने कोपा अमेरिका के पिछले छह में से एक भी मैच नहीं गंवाया। चिली ने 2015 और 2016 में हुए कोपा अमेरिका कप पर कब्जा जमाया था।

वर्गास ने चिली के लिए सबसे ज्यादा गोल

जापान की युवा टीम ने फर्स्ट हाफ में गोल के कई मौके गंवाए। हालांकि, लंच से ठीक पहले चिली के एरिक पुल्गार ने 41वें मिनट में गोल कर दिया। अगले हाफ में चिली ने लगातार मजबूत खेल दिखाया। वर्गास ने पहले 54वें मिनट में गोल दागकर टीम की बढ़त 2-0 कर दी। इसके बाद एलेक्सिस सांचेज ने 82वें मिनट और वर्गास ने अगले ही मिनट में फिर गोल दागकर टीम को निर्णायक बढ़त दिला दी। वर्गास अब कोपा अमेरिका में चिली के लिए सबसे ज्यादा गोल दागने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

कुबो भी नही कर पाए गोल

पिछले हफ्ते स्पेन के क्लब रियाल मैड्रिड के साथ छह साल की डील साइन करने वाले जापानी खिलाड़ी कुबो ने मैच में टीम को बढ़त दिलाने की काफी कोशिश की। बाएं पैर से स्ट्राइक करने वाले कुबो ने इस मैच में अयासे उएदा के पास पर शॉट ले कर दिखाया कि उन्हें क्यों जापान का लियोनेल मेसी कहा जाता है। हालांकि, वे गोल से चूक गए। इस जीत ने चिली को ग्रुप सी में उरुग्वे के साथ शीर्ष पर पहुंचा दिया।

उरुग्वे ने इक्वाडोर को 4-0 से हराया

वहीं दूसरी ओर लुईस सुआरेज और एडिसन कवानी के शानदार खेल से उरुग्वे ने दस खिलाड़ियों के साथ खेल रहे इक्वाडोर को 4-0 से रौंदकर कोपा अमेरिका में अपने अपने का धमाकेदार आगाज किया। रिकॉर्ड 15 बार के चैंपियन उरुग्वे के लिए निकोलस लोड्रियो (छठे मिनट), कवानी (33वें मिनट) और सुआरेज (44वें मिनट) ने गोल किए। एक गोल अतुर्रा मीना (78वें मिनट) ने किया जोकि आत्मघाती था। उरुग्वे के लिए सुआरेज अब तक 57 गोल कर चुके हैं जो कवानी से दस ज्यादा हैं।

(एजेंसी इनपुट)

Related Articles

Back to top button