उत्तराखंड समाचार

कोरोना वायरस: उत्तराखंड में 31 मार्च को लॉकडाउन में मिलेगी 13 घंटे की छूट

उत्तराखंड में 31 मार्च को लॉकडाउन से 13 घंटे की छूट दी जाएगी। उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बताया है कि 31 मार्च को सुबह सात बजे से शाम आठ बजे तक लॉकडाउन में छूट मिलेगी। इस दौरान बसों के आवागमन की छूट होगी, इससे वो लोग अपने गावों को जा सकेंगे जो इधर-उधर फंसे हुए हैं। रावत ने बताया है कि सभी जरूरी चीजों की दुकानें सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक खुलेंगे। वहीं दिल्ली और मुंबई में उत्तराखंड भवन में राज्य के लोगों के रुकने लिए इंतजाम किया गया है।

उत्तराखंड में सरकार ने 23 मार्च को लॉकडाउन कर दिया था। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 मार्च को 21 दिन के लॉकडाउन का ऐलान कर दिया। जिसके बाद राशन, दूध, दवा वगैरह की दुकानों को छोड़कर सब बंद है। बस और रेल सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं। इसके चलते कई जगहों पर लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भारत और दुनिया में कोरोना के मरीजों की संख्या में बीते कुछ दिनों में काफी तेजी देखी जा रही है। इसी के चलते ना सिर्फ हमारे यहां बल्कि दुनिया के कई मुल्कों में लॉकडाउन है।

देश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 150 से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। जिसके बाद देश में कोरोना के मरीजों की संख्या 904 हो गई है। इनमें 20 लोगों की मौत हो गई है। सबसे ज्यादा 177 मामले महाराष्ट्र में आए हैं। केरल में 165 केस सामने आ चुके हैं। उत्तर प्रदेश में 44, राजस्थान में 46, कर्नाटक में 55, गुजरात में 53, मध्य प्रदेश में 30, पंजाब में 38, तमिलनाडु में 32, तेलंगाना में 38 पश्चिम बंगाल में 15 मामले सामने आए हैं। वहीं दुनिया में कोरोना के मरीजों की संख्या 6 लाख को पार कर गई है। इटली में 9 हजार से ज्यादा, स्पेन में पांच हजार से ज्यादा मौत इस वायरस से हो गई हैं। source: oneindia

Related Articles

Back to top button