देश-विदेश

प्रसिद्ध रामायण धारावाहिक का एक बार फिर दूरदर्शन नेशनल पर प्रसारण

नई दिल्लीः देश में वर्तमान कोरोना वायरस की स्थिति और 21 दिन के लॉकडाउन के दौरान घर में रहने वाले लोगों के हितों को ध्‍यान में रखते हुए, सूचना और प्रसारण मंत्रालय और प्रसार भारती ने शनिवार, 28 मार्च 2020 से रामानंद सागर के रामायण धारावाहिक का दूरदर्शन पर एक बार फिर प्रसारण करने का फैसला किया है।

केन्‍द्रीय मंत्री श्री प्रकाश जावड़ेकर ने यह घोषणा करते हुए खुशी जाहिर की कि रामायण का एक बार फिर प्रसारण किया जा रहा है।

प्रसारण रोजाना 2 स्लॉट् में होगा, सुबह 9 बजे से सुबह 10 बजे तक और रात 9 बजे से रात 10 बजे तक। शाम के स्लॉट में श्रृंखला का अगला एपिसोड दिखाया जाएगा।

इस धारावाहिक में लोगों की भारी रुचि और इसके दोबारा प्रसारण की जनता की मांग को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय किया गया है। प्रसार भारती के सीईओ श्री शशि शेखर वेम्पति ने दूरदर्शन की टीम को बधाई दी जिसने इसके लिए युद्ध स्तर पर काम किया। श्री वेम्पति ने सागर परिवार को दूरदर्शन के लिए सामग्री उपलब्ध कराने के लिए धन्यवाद दिया।

प्रसार भारती कोविड-19 के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए विशेष प्रयास कर रहा है। समाचार सेवा प्रभाग हिंदी और अंग्रेजी में सुबह 8 से 9 बजे और शाम 8 बजे से 9 बजे तक विशेष बुलेटिन प्रसारित कर रहा है। डीडी न्यूज और डीडी इंडिया द्वारा अनेक विशेष कार्यक्रम प्रसारित किए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button