उत्तर प्रदेश

उद्यमी श्री राकेश अग्रवाल, श्री आकाश अग्रवाल, श्री राजेश श्रोत्रिय, डाॅ0 देवेन्द्र शुक्ला, डाॅ0 अनिल चोपड़ा तथा श्री राजीव अग्रवाल ने सीएम से अपने विचार व्यक्त किए

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने उद्यमियों और निवेशकों सेे आह्वान किया कि वे सभी देश की अर्थव्यवस्था को 05 ट्रिलियन डाॅलर और उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 01 ट्रिलियन डाॅलर बनाने में अपना सहयोग प्रदान कर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सपने को साकार करें। उद्यमियों और निवेशकों के सहयोग से देश व प्रदेश को आर्थिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक तौर पर नई ऊंचाइयों पर ले जाया जा सकता है। इन सभी के सहयोग से हम उत्तर प्रदेश को सर्वोत्तम प्रदेश बनाने में सफल होंगे। उन्होंने कहा कि निवेशकों की सहूलियत के लिए राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक एम0ओ0यू0 हस्ताक्षरित करने वाले उद्यमी के साथ एक नोडल अधिकारी लगाया गया है, जो उनसे फीडबैक लेकर उनकी समस्याओं का समाधान करता है और एम0ओ0यू0 के क्रियान्वयन की विभिन्न स्टेजों के विषय में भी जानकारी देता है।
मुख्यमंत्री जी रविवार देर रात वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उ0प्र0 एसोसिएशन आॅफ नाॅर्थ अमेरिका द्वारा आयोजित ‘उत्तर प्रदेश इन्वेस्टमेंट एण्ड टूरिज्म’ ईवेन्ट को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारतवंशियों ने अपने परिश्रम और पुरुषार्थ से विश्व में अपनी पहचान स्थापित की है। मातृभूमि के प्रति उनका लगाव सराहनीय है। भारत और उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास में प्रवासी भारतवंशियों की रुचि और सकारात्मक सहयोग की इच्छा सराहनीय है।
इस अवसर पर उद्यमी श्री राकेश अग्रवाल, श्री आकाश अग्रवाल, श्री राजेश श्रोत्रिय, डाॅ0 देवेन्द्र शुक्ला, डाॅ0 अनिल चोपड़ा तथा श्री राजीव अग्रवाल ने मुख्यमंत्री जी से संवाद किया और अपने विचार व्यक्त किए। इन उद्यमियों/निवेशकों ने उत्तर प्रदेश में सुदृढ़ कानून-व्यवस्था पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले 03 वर्षों में राज्य में निवेश का बेहतर माहौल बना है। अब बाहर रहने वाले निवेशक भी उत्तर प्रदेश में निवेश करना चाहते हैं। वे सभी राज्य के सामाजिक कार्यों में भी सरकार के साथ सहयोग करना चाहते हैं।
निवेशकगण श्री राकेश अग्रवाल, श्री आकाश अग्रवाल तथा श्री राजेश श्रोत्रिय ने फार्मा सेक्टर में, श्री देवेन्द्र शुक्ला ने उद्यमिता विकास, श्री अनिल चोपड़ा ने साॅफ्टवेयर पार्क तथा सोलर/विण्ड इनर्जी, श्री राजीव अग्रवाल ने नोएडा में शिक्षा, मनोरंजन, चिकित्सा/नेत्र चिकित्सालय के मेगा प्रोजेक्ट स्थापित करने में रुचि दिखायी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आबादी की दृष्टि से देश का सबसे बड़ा राज्य है। लगभग 24 करोड़ जनसंख्या का यह प्रदेश एक बड़ा बाजार भी है। उत्तर प्रदेश पर प्रकृति और परमात्मा की असीम कृपा है। इस कृपा को सौभाग्य में बदलने की जरूरत है, जिससे प्रदेशवासियों का आर्थिक उन्नयन कर उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके। उन्होंने कहा कि इसमें प्रवासी भारतवंशियों का सहयोग उपयोगी सिद्ध होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश प्रचुर प्राकृतिक संसाधनों से युक्त है। साथ ही, हमारी सरकार प्रदेश में अवस्थापना विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में आध्यात्मिक पर्यटन की अपार सम्भावनाएं हैं। प्रदेश को मानव सभ्यता की प्रथम भूमि बताते हुए उन्होंने कहा कि यह संसार के प्रथम राजा मनु की धरती है। दुनिया की प्राचीनतम नगरी काशी, कुम्भ की धरती प्रयागराज, कृष्ण की जन्मस्थली मथुरा, गंगा जी, यमुना जी, सरयू जी जैसी पवित्र नदियां यहां हैं। आध्यात्मिक पर्यटन के साथ ही, प्रदेश में ईको व हेरिटेज पर्यटन के भी व्यापक अवसर विद्यमान हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने भारत की सांस्कृतिक धरोहर को विश्व में मान्यता दिलायी है। भारतीय ऋषि परम्परा की देन योग को वैश्विक स्तर पर मान्यता मिली है। प्रधानमंत्री जी की पहल पर यूनेस्को ने कुम्भ को मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर की मान्यता दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने प्रयागराज कुम्भ-2019 का भव्य एवं दिव्य आयोजन कर इसे सुरक्षा, सुव्यवस्था, स्वच्छता के आयोजन के रूप में वैश्विक मानचित्र पर स्थापित किया। इस आयोजन में 187 देशों के प्रतिनिधियों, देश व दुनिया से 24 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने 05 अगस्त, 2020 को अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण का शुभारम्भ किया है। अयोध्या को दुनिया की सबसे खूबसूरत नगरी के रूप में विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सम्भावनाओं को साकार करने के लिए कानून का राज आवश्यक है। वर्तमान राज्य सरकार ने इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया है। आज प्रदेश की कानून व्यवस्था अन्य राज्यों के लिए उदाहरण है। उद्यमियों और निवेशकों को आकर्षित करने के लिए शांति एवं कानून व्यवस्था महत्वपूर्ण कारक तत्व है। राज्य सरकार ने इस दिशा में उल्लेखनीय कार्य करने के साथ ही, उद्यमियों और निवेशकों के लिए सेक्टरवार नीतियां बनाकर लागू की हैं। हर क्षेत्र में निवेश के लिए नीतियां तैयार की गई हैं। सिंगल विण्डो प्लेटफाॅर्म के रूप में ‘निवेश मित्र पोर्टल’ विकसित किया गया है। प्रदेश सरकार के प्रयासों से ‘ईज आॅफ डुइंग बिजनेस’ में राज्य आज देश में दूसरे स्थान पर है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कोविड-19 के प्रबन्धन में उत्तर प्रदेश ने उदाहरण प्रस्तुत किया है। राज्य में कोविड-19 के संक्रमण के प्रसार को लेकर बड़ी आशंकाएं व्यक्त की गई थीं। कोविड काल में बड़ी संख्या में अन्य प्रदेशों से कामगार व श्रमिक राज्य में वापस आए। साथ ही, बड़ी संख्या में श्रमिक व कामगार यहां से होकर अन्य प्रदेशों में गए। इसके बावजूद उत्तर प्रदेश में कोविड-19 की पाॅजिटिविटी दर 05 प्रतिशत से कम तथा सी0एफ0आर0 01 प्रतिशत से कम है। सीमित चिकित्सा सुविधाओं के बावजूद कोविड प्रबन्धन में प्रदेश में उल्लेखनीय कार्य हुआ है। इन कार्यों की डब्ल्यू0एच0ओ0 द्वारा भी सराहना की गई है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विगत 03 वर्षों में राज्य सरकार ने अवस्थापना सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया है। वर्तमान में प्रदेश में 04 एक्सप्रेस-वे निर्माणाधीन हैं। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर मार्च, 2021 में आवागमन प्रारम्भ हो जाएगा। यह एक्सप्रेस-वे पूर्वी उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था का बैकबोन सिद्ध होगा। बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से जोड़ते हुए विकसित किया जा रहा है। यह एक्सप्रेस-वे बुन्देलखण्ड क्षेत्र के सभी जनपदों को जोड़ते हुए चित्रकूट तक जाएगा। चित्रकूट एक महत्वपूर्ण धार्मिक नगरी है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिवर्ष यहां पर आते हैं। यहां आने वाले श्रद्धालु बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे के निर्माण के पश्चात देश की राजधानी नई दिल्ली की यात्रा 06 घण्टे में सम्पन्न कर सकेंगे, जिसमें अभी 10 से 12 घण्टे लगते हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे और मेरठ से प्रयागराज तक के 600 कि0मी0 लम्बाई के गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण की कार्यवाही गतिमान है। उन्होंने कहा कि इन एक्सप्रेस-वे के निर्माण के साथ ही, प्रदेश के सभी जनपदों में औद्योगिक क्लस्टर के विकास पर भी कार्य किया जा रहा है। प्रदेश के प्रत्येक जनपद तथा अन्य राज्यों को 04 लेन मार्गों से जोड़ा जा रहा है। तहसील एवं विकास खण्डों को 02 लेन मार्गों से जोड़ा गया है। उत्तर प्रदेश में देश का पहला वाॅटर-वे भी बना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में 02 एयरपोर्ट कार्यशील थे। वर्तमान में 08 एयरपोर्ट कार्यशील हैं तथा कई अन्य पर कार्य तेजी से संचालित है। जेवर, कुशीनगर, अयोध्या में अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के निर्माण की कार्यवाही संचालित है। इसके अलावा, चित्रकूट, सोनभद्र, आजमगढ़, बरेली आदि में एयरपोर्ट बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के 04 शहरों लखनऊ, गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा में मेट्रो रेल संचालित है। आगरा एवं कानपुर नगरों में मेट्रो रेल के निर्माण की कार्यवाही जारी है। इसके अलावा, अन्य शहरों में भी मेट्रो रेल बनाने की योजना है। दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल के अलावा दिल्ली-मेरठ 12 लेन एक्सप्रेस-वे का निर्माण भी हो रहा है। साथ ही, मेरठ से हरिद्वार को जोड़ने के लिए गंग नहर के दोनों किनारों पर मार्ग निर्माण कराए जाने का निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ऊर्जा सेक्टर में प्रदेश सरकार द्वारा उल्लेखनीय कार्य किया गया है। ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करायी जा रही है। औद्योगिक क्षेत्र में ओपेन एक्सेस की व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने कहा कि सैमसंग डिस्प्ले नोएडा प्रा0लि0 उत्तर प्रदेश में 05 हजार करोड़ रुपए का निवेश कर रही है। प्रदेश में डेटा सेण्टर के लिए 6,000 करोड़ रुपए का निवेश सम्भावित है। प्रदेश सरकार ने प्रदेश के विकास के लिए जो तत्परता दिखायी है, उसके परिणामस्वरूप विगत 03 वर्षों में 03 लाख करोड़ रुपए से अधिक का निवेश हुआ है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में 1947 से 2017 तक 12 मेडिकल काॅलेज थे। विगत 03 वर्षों में प्रदेश में 30 नये मेडिकल काॅलेज स्थापित किए जा रहे हैं। गोरखपुर में निर्मित एम्स का मार्च, 2021 में शुभारम्भ किया जाएगा। इसके समकक्ष ही एक संस्थान वाराणसी में स्थापित किया गया है। हाल ही में लखनऊ में कैंसर संस्थान का शुभारम्भ किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश के 16 जनपदों में निजी अथवा राजकीय मेडिकल काॅलेज नहीं हैं। राज्य सरकार इन जनपदों में मेडिकल काॅलेज की स्थापना के लिए नीति बना रही है। इस सम्बन्ध में नेशनल मेडिकल काउन्सिल के साथ वार्ता चल रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विगत दिवस ही कैलाश मानसरोवर भवन का लोकार्पण किया गया है। इस भवन से श्रद्धालुओं को सुविधा उपलब्ध होगी। जनपद मेरठ में स्पोट्र्स यूनिवर्सिटी की स्थापना की कार्यवाही गतिमान है। सहारनपुर, अलीगढ़ व आजमगढ़ में नए राज्य विश्वविद्यालय स्थापित हो रहे हैं। प्रयागराज में विधि विश्वविद्यालय स्थापित किया जा रहा है। इसी प्रकार आयुष विश्वविद्यालय की भी स्थापना की जा रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में एक फिल्म सिटी के निर्माण की कार्यवाही भी प्रगति पर है। गौतमबुद्धनगर के जेवर एयरपोर्ट से फिल्म सिटी की दूरी मात्र 06 कि0मी0 है। फिल्म सिटी के लिए 01 हजार एकड़ भूमि आरक्षित की गई है। उत्तर प्रदेश इण्डस्ट्रियल डिफेंस काॅरिडोर का निर्माण युद्ध स्तर पर चल रहा है। काॅरिडोर के 06 नोड अलीगढ़, कानपुर, लखनऊ, झांसी, आगरा, चित्रकूट हैं। प्रदेश में शुगर इण्डस्ट्री में भी व्यापक सम्भावनाएं हैं। राज्य में कुल 119 चीनी मिलें संचालित हैं। उत्तर प्रदेश के आग्रह पर भारत सरकार ने ग्रीन इनर्जी के रूप में एथेनाॅल बनाने की अनुमति दी है। साथ ही, चीनी मिलों में कोजेन प्लाण्ट एवं डिस्टेलरी की स्थापना की जा सकती है। उन्होंने कहा कि फूड प्रोसेसिंग में भी प्रदेश में व्यापक सम्भावनाएं हैं।

Related Articles

Back to top button