उत्तर प्रदेश

उच्च शिक्षा मंत्री ने आगरा में किया सामुदायिक रेडियो स्टेशन का शुभारम्भ

लखनऊ: प्रदेश के उच्च शिक्षा, विज्ञान प्रोद्योगिकी इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा है कि रेडियो आज भी लोगों तक अपनी बात पहुचाने का एक लोकप्रिय एवं सर्वसुलभ माध्यम है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया, इलेक्ट्रानिक मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बावजूद रेडियो की लोकप्रियता यथावत बनी हुई है।
श्री योगेन्द्र उपाध्याय ने ये बातें आज आगरा के संत रामकृष्ण कन्या महाविद्यालय में ‘‘ब्रजवाणी’’ 89.6 एफ.एम.’’ सामुदायिक रेडियो स्टेशन का शुभारम्भ करते हुए कही। उन्होंने कहा कि ब्रज की संस्कृति एवं लोक कला अत्यन्त समृद्ध है, इसके संरक्षण एवं प्रसार में रेडियो की भूमिका अत्यन्त महत्वपूर्ण होगी। इसके माध्यम से आम जनमानस तक गीत, नाटक, लोकगीत सहित अन्य सूचनाओं का प्रचार-प्रसार किया जा सकेगा।
श्री उपाध्याय ने कहा कि समाज के लिए अन्य उपयोगी विषयों जैसे महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण, स्वच्छता, यातायात सुरक्षा, पर्यटन तथा नई शिक्षा नीति-2020 के बारे में भी रेडियो पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यमों से लोगों को जागरूक एवं शिक्षित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि रेडियो शिक्षा, सूचना, जागरूकता तथा मनोरंजन सभी दिशा में सहयोगी होगा। इस अवसर पर चेयरमैन मनमोहन चावला, निदेशक रविकान्त चावला, पाषर्द प्रदीप अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button