उत्तर प्रदेश

अधिकारी जन समस्याओं का त्वरित गति से करें निस्तारण: केशव प्रसाद मौर्य

उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज अपने कैम्प कार्यालय-7 कालिदास मार्ग पर आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आये लोगों की समस्याएं सुनीं तथा उनके समुचित निराकरण के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दियेे। श्री केशव प्रसाद मौर्य ने समस्याओं के निस्तारण के सम्बन्ध में कई प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता भी की तथा समस्याओं को पूरी गम्भीरता व संवेदनशीलता के साथ निस्तारित करने के निर्देश दिये।
श्री केशव प्रसाद मौर्य ने विभिन्न लोगों की समस्याएं उनसे सीधे रू-ब-रू होते हुए सुनी व उनके निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कि जन समस्याओं का निस्तारण त्वरित गति से किया जाय तथा निर्धारित समयसीमा के अंदर किया जाय। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं का निस्तारण त्वरित गति से करना सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। अधिकारी शासन की प्रतिबद्धताओं व जन आकांक्षाओं के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करें। समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही या हीलाहवाली किसी भी दशा में क्षम्य नहीं होगी। जनता दर्शन में आज फरियादियों का भारी मजमा रहा। श्री मौर्य को जैसे ही पता चला कि उनके आवास पर कई दिव्यांग व्यक्ति भी आये हुये हैं, तो वह स्वयं उनके पास चलकर गये और उनकी समस्याओं को गौर से सुना तथा विश्वास दिलाया कि प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का हर सम्भव समाधान जल्द से जल्द कराया जायेगा।
जनता दर्शन में अवैध कब्जा हटवाने, आर्थिक सहायता दिलाने, फसल क्षतिग्रस्त होने पर आर्थिक लाभ दिलाने, मकान विवाद, तालाब की जमींन से अवैध कब्जा हटवाने, अनुकम्पा के आधार पर नौकरी दिलाने, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, राजस्व, सड़क, अवैध अतिक्रमण, भूमि विवाद, अनापत्ति प्रमाण पत्र, जल निकासी आदि जनसरोकारों से जुड़े मसले आये तथा उपमुख्यमंत्री ने सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को उनके निराकरण हेतु निर्देश दिये। जनता दर्शन में बदायूं, शाहजहांपुर, बरेली, पीलीभीत, बहराइच, कासगंज, एटा, हमीरपुर, महोबा, झांसी, बलिया, लखनऊ, प्रयागराज, अम्बेडकरनगर, गाजीपुर, सुल्तानपुर, मिर्जापुर, अयोध्या, सहारनपुर, श्रावस्ती, अलीगढ़, देवरिया आदि दो दर्जन से अधिक जिलों से आये लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं।

Related Articles

Back to top button