उत्तर प्रदेश

तमकुही राज में जाम में फंसीं प्रियंका गांधी, कार छोड़ बाइक पर बैठकर पहुंची हेलीपैड

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सोमवार को कुशीनगर के तमकुही राज में जाम में फंस गईं। तमकुही राज में विशाल जनसभा को संबोधित करने के बाद प्रियंका गांधी यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के घर गई थीं। इसके बाद वह जाम में फंस गईं। हेलीकॉप्टर को सूर्यास्त से पहले उड़ना था, इसके लिए जाम में फंसीं कांग्रेस महासचिव को बाइक पर बैठाकर हेलीपैड पहुंचाया गया। अजय कुमार लल्लू जनसभा के बाद प्रियंका गांधी को अपने घर से मोटर साइकिल पर बैठाकर हेलीपैड तक छोड़ने गए।

वहीं दूसरी तरफ, प्रियंका गांधी ने आज बलिया में रोड शो किया। इस दौरान प्रियंका गांधी की एक झलक पाने को लिए लोग बेताब दिखे। लोगों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। प्रियंका ने भी हाथ जोड़ कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और कांग्रेस के लिए वोट मांगा।

निर्धारित समय एक बजे से करीब 20 मिनट विलंब से नगर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय मैदान पर हेलीकॉप्टर से कांग्रेस की महासचिव उतरीं। इसके तुरंत बाद वह खुली गाड़ी में सवार होकर विधानसभा के प्रत्याशी के साथ रोड शो के लिए निकलीं। आधे किलोमीटर के रोड शो में प्रियंका वाड्रा के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हुजूम नारे लगाते हुए उत्साह के साथ आगे बढ़ रहा था।

इस दौरान प्रियंका का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। कांग्रेस महासचिव का रोड शो अंबेडकर तिराहे का चक्कर लगाते हुए लगभग पौने घंटे की यात्रा के बाद हेलीकॉप्टर के पास पहुंचा। यहां से वह रतसर के लिए रवाना हो गईं। इसके बाद प्रियंका लगभग डेढ़ घंटे विलंब से हेलीकाप्टर से जैसे ही कस्बे के रतसर इंटर कालेज के मैदान में पहुंची, उन्हें देखने के लिए लोग दौड़ पड़े।

सोर्स: यह Amar Ujjala न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ UKNews360 टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.

Related Articles

Back to top button