उत्तर प्रदेश

निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के लिए 07, 13, 21 व 27 नवम्बर को चलेगा विशेष अभियान

लखनऊः भारत निर्वाचन आयोग ने अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2022 के आधार पर प्रदेश के समस्त विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराने का निर्देश दिया है। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री अजय कुमार शुक्ला ने यह जानकारी दी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 01 नवम्बर, 2021 को विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन किया जायेगा। 01 से 30 नवम्बर के बीच लोगों के दावे और आपत्तियां प्राप्त की जायेगी। उन्होंने बताया कि निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के लिए 07, 13, 21 व 27 नवम्बर, 2021 को प्रदेश भर में विशेष अभियान चलाया जायेगा। इसी प्रकार 20 दिसम्बर, 2021 तक मतदाता सूची सम्बंधी प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जायेगा और 05 जनवरी, 2022 को निर्वाचक नामावलियांे का अन्तिम प्रकाशन किया जायेगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण कार्य से सम्बद्ध अधिकारियों में जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों तथा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को चुनाव आयोग की अनुमति के बिना पुनरीक्षण अवधि 01 नवम्बर, 2021 से 05 जनवरी, 2022 तक के बीच किसी भी स्थिति में स्थानान्तरित करने पर रोक लगा दी है।

Related Articles

Back to top button