उत्तर प्रदेश

महिलाएं आज सभी क्षेत्रों में पुरूषों से बराबरी कर रही हैं: श्रीमती स्वाति सिंह

लखनऊः अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला आयोजित किया गया। प्रदेश की महिला कल्याण एवं बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती स्वाति सिंह ने साधारण महिला से मेले का उद्घाटन करवाया।
श्रीमती स्वाति सिंह ने कहा कि आज के दिन पूरे विश्व में अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाना हम सब कि बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। समाज में महिलाओं का सम्मान प्रशंसा, प्यार और देखभाल सुनिश्चित करना सब का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि हमें यह स्वीकार करना होगा कि घर और समाज की बेहतरी के लिए पुरूष और महिला दोनों समान रूप से योगदान देते हैं। आज की महिलायें हर मामले में आत्म निर्भर और स्वतंत्र है तथा पुरूषों के बराबर सब कुछ करने में सक्षम हैं।
श्रीमती स्वाति सिंह ने कहा कि हमें महिलाओं का सम्मान जेंडर के कारण नहीं बल्कि स्वयं की पहचान के लिए करना होगा। उन्होंने कहा कि यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम उस महिला की सराहना और सम्मान करें, जो अपने जीवन में सफलता हासिल कर रहीं हैं और अपने आसपास की अन्य महिलाओं को भी सफल होने के लिए प्रेरित कर रहीं हैं।
श्रीमती स्वाति सिंह ने इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग, बाल विकास पुष्टाहार विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य विभागों द्वारा लगाये गये स्टालों का निरीक्षण किया। उन्होंने डाक्टरों को साफ-सफाई रखने के विशेष निर्देश दिये। उन्होंने डाक्टर से कहा कि जो भी मरीज आये उनकी सेहत की जांच करके समुचित दवायें उपलब्ध करायें। किसी भी महिला को असुविधा न होने पाये इसका विशेष ध्यान रखें।

Related Articles

Back to top button