उत्तराखंड समाचार

ऋषिकेश स्थित यात्रा कार्यालय को देहरादून शिफ्ट किए जाने का विरोध

ऋषिकेश। गढ़वाल मंडल विकास निगम के ऋषिकेश स्थित यात्रा कार्यालय को देहरादून शिफ्ट किए जाने के विरोध में गढ़वाल मंडल विकास निगम अधिकारी व कर्मचारी संघ ने वेट मीटिंग कर विरोध प्रदर्शन किया।

गुरुवार को बाईपास मार्ग स्थित यात्रा कार्यालय के बाहर निगम कर्मचारियों ने गेट मीटिंग की। गढ़वाल मंडल विकास निगम अधिकारी एवं कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मनमोहन चौधरी ने कहा कि निगम प्रबंधन एक बार फिर अपनी हठधर्मिता पर उतर आया है। चार धाम यात्रा के प्रवेश द्वार तथा पर्यटन नगरी ऋषिकेश में गढ़वाल मंडल विकास निगम का यात्रा कार्यालय वर्षों से संचालित हो रहा है। मगर, निगम प्रबंधन इस यात्रा कार्यालय को देहरादून शिफ्ट करने का षड्यंत्र रच रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में भी निगम प्रबंधन ने यात्रा कार्यालय को देहरादून शिफ्ट करने की कोशिश की थी। मगर, सफल नहीं हो पाया था। उन्होंने कहा कि इस बार फिर निगम कर्मचारी व अधिकारी यात्रा कार्यालय को शिफ्ट किए जाने का पुरजोर विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश चार धाम यात्रा का प्रवेश द्वार है। पूरे देश दुनिया से पर्यटक ऋषिकेश पहुंचता है और यहां से गढ़वाल मंडल के पर्यटक स्थल तथा धार्मिक स्थलों की यात्रा करता है। ऐसे में यात्रा कार्यालय ऋषिकेश के बजाय कहीं और से संचालित किया जाना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि यदि यात्रा कार्यालय को देहरादून शिफ्ट किया जाता है तो कर्मचारी संघ उग्र आंदोलन को बाध्य होगा। गेट मीटिंग में किशन सिंह पंवार, रायचंद सिंह रावत, रमेश बिष्ट, कमल सिंह रावत, सूर्य प्रकाश विश्वास, वीरेंद्र गोसाई, भारत भूषण कुकरेती, विमला रावत, कमला देवी, बृजमोहन जुयाल, अरविंद उनियाल, चमन सिंह, भास्कर पुरोहित, संदीप मेवाड़ आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button